कृषि विधेयकों के विरोध में किसानों ने किया प्रदर्शन
आल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ने भारत ग्रामीण बंद को सफल बनाने के लिए तीन कृषि विधेयकों को किसान विरोध बताते हुए सरकार के खिलाफ रोष जताया।
संवाद सहयोगी, ढांड : आल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन ने भारत ग्रामीण बंद को सफल बनाने के लिए तीन कृषि विधेयकों को किसान विरोध बताते हुए सरकार के खिलाफ रोष जताया। संगठन के जिला अध्यक्ष बाबूराम ने बताया कि ये तीनों विधेयक किसान-मजदूरों के खिलाफ हैं। केंद्र सरकार जब तक इन कानूनों को वापस नहीं लेगी, आंदोलन जारी रहेगा। सरकार ये प्रचार पूरी तरह छलावा और लोगों को धोखे में रखने वाला है कि इसे न्यूनतम समर्थन मूल्य खत्म नहीं होगा। इससे मार्केट कमेटी और न्यूनतम समर्थन मूल्य पूरी तरह खत्म हो जाएगा। सरकार खुद किसान-मजदूरों से वादाखिलाफी कर रही है। इस अवसर पर जिला सचिव राजकुमार सारसा, जिला कमेटी सदस्य कृष्ण चंद, दर्शन सिंह मौजूद थे।