विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल में युवक की नहर में डूबने से मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप; तीन नामजद

Published: Mon, 24 Aug 2026 03:30 PM (IST)

सीवन में आकाश उर्फ जानी की नहर में डूबने से हुई मौत के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।

कैथल में युवक की नहर में डूबने से मौत (फोटो: जागरण)

कैथल में युवक की नहर में डूबने से मौत (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. आकाश की नहर में डूबने से हुई मौत पर हत्या का आरोप।

  2. परिजनों ने तीन नामजद समेत कई युवकों पर केस दर्ज कराया।

  3. पुलिस जांच में जुटी, परिजनों ने आरोपितों की गिरफ्तारी मांगी।

संवाद सहयोगी, सीवन। मलिकपुर हेड नहर में 16 अगस्त को डूबने से हुई सीवन निवासी आकाश उर्फ जानी की मौत के मामले में सोमवार को मृतक के परिजन व अन्य लोग सीवन थाना पहुंच गए। भारी संख्या में पहुंचे लोग थाना परिसर में ही बैठ गए।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले में नामजद आरोपितों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई करने और उनकी गिरफ्तारी की मांग की। सीवन थाना पुलिस ने आकाश के चाचा राजेश की शिकायत पर तीन युवकों सहित अन्य के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि आकाश (21) की मौत हादसा नहीं, बल्कि साजिश के तहत उसे नहर में डुबोकर हत्या की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी गुहला रमेश गुलिया भी सीवन थाना पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मामले की जानकारी ली और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है

डीएसपी ने कहा कि पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार सीवन निवासी आकाश उर्फ जानी 16 अगस्त की शाम करीब छह बजे अपने दोस्तों के साथ मलिकपुर हेड नहर पर नहाने गया था।

नहाते समय वह अचानक पानी में डूब गया। लोगों ने उसे नहर से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबने से दम घुटना बताया गया था।

इसके बाद विसरा जांच के लिए भेजा गया। पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि आकाश को नहर में नहाने के दौरान साजिश के तहत पानी में डुबोकर मारा गया। थाने में पहुंची आकाश की दादी ने कहा कि जैसे उसके पोते को तड़पा कर मारा गया है वैसे ही आरोपितों को भी तड़पाया जाए। आकाश को कैथल से वापस बुलाया गया था और वारदात को अंजाम दिया गया।

परिजनों ने किया घटना की वीडियो होने का दावा

शिकायत में घटना से संबंधित वीडियो फुटेज होने का भी दावा किया गया है। परिजनों के अनुसार यह वीडियो आकाश के मोबाइल फोन से रिकार्ड हुई थी। इसी आधार पर उन्होंने पुलिस से मामले की गहनता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

परिजनों की शिकायत के आधार पर सीवन थाना पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने अनमोल, वंश और तनिष्क को नामजद किया है जबकि तीन से चार अन्य युवकों को आरोपित बनाया गया है। मामले की जांच एसआइ जयभगवान को सौंपी गई है।

पुलिस की तरफ से शिकायत में लगाए गए आरोपों, वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वहीं परिजन आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।