विकास के लिए भाजपा में शामिल हुआ : डॉ. चावला
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व वीसी डॉ. एके चावला ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकार सही तरीके से काम कर रही है। इसलिए उन्होंने इनेलो छोड़कर भाजपा को ज्वाइन किया है।
जागरण संवाददाता, जींद : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व वीसी डॉ. एके चावला ने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकार सही तरीके से काम कर रही है। इसलिए उन्होंने इनेलो छोड़कर भाजपा को ज्वाइन किया है। डॉ. चावला ने कहा कि अब पार्टी भविष्य में उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी, उसका पूरी तन्मयता से निर्वहन करेंगे।
अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में डॉ. चावला ने कहा कि उन्हें इनेलो में भी भरपूर सम्मान मिला। कभी किसी तरह की समस्या नहीं हुई। लेकिन अब पार्टी के मुखिया के परिवार में चल रहे विवाद से खिन्न हैं। डॉ. चावला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व सीएम मनोहरलाल की विकास की नीतियों को देखकर भाजपा में शामिल हुए हैं। उपचुनाव से ऐन पहले भाजपा में जाने के सवाल पर डॉ. चावला ने कहा कि उन्होंने अपनी तरह से कोई शर्त या दावेदारी नहीं की है। वह राजकीय कॉलेज में प्रोफेसर और प्राचार्य रहे हैं, इसलिए उनके शिष्य जींद और आसपास के गांवों में भी हैं। वह सबको साथ लेकर भाजपा की नीतियों को आगे बढ़ाएंगे।