पूर्व मंत्री जयप्रकाश ने जरूरतमंदों के लिए स्थापित की रसोई
पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ने कोरोना संकट के चलते भोजन की समस्याओं से जूझ रहे परिवारों की मदद के लिए रसोई स्थापित की है। लॉकडाउन के दौरान हर जरूरतमंद के लिए भोजन तैयार होगा।
संवाद सहयोगी, कलायत : पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश ने कोरोना संकट के चलते भोजन की समस्याओं से जूझ रहे परिवारों की मदद के लिए रसोई स्थापित की है। लॉकडाउन के दौरान हर जरूरतमंद के लिए भोजन तैयार होगा। रसोई की शुरूआत श्री कपिल मुनि धाम मुख्य पुजारी वेद प्रकाश गौतम ने की।
जेपी ने कहा कि स्वयं के परिवार के साथ-साथ हर जरूरतमंद कुनबे के प्रति संकट की स्थिति में खड़े होने की उनकी जिम्मेदारी बनती है। इस जिम्मेदारी का निर्वहन वे अंतिम सांस तक करते रहेंगे। आज विषय सियासत का नहीं, बल्कि राष्ट्र का है। जब देश संकट में संकट हो तो सभी नागरिकों की जिम्मेदारियां बढ़ जाती हैं। वैश्विक संकट के रूप में कोरोना महामारी का साया भारत देश के साथ-साथ दुनिया में छाया है। भले वे कांग्रेस विचारधारा से जुड़े हैं, लेकिन देश का नागरिक होने के नाते वह सरकार के फैसले का खुले मंच से समर्थन करते हैं। उनके स्तर पर जितना भी होगा, आमजन की मदद के लिए तैयार रहेंगे।