जिला पुस्तकालय अब सुबह सात बजे से रात 10 बजे तक खुला रहेगा
शहर के स्वामी विवेकानंद जिला पुस्तकालय का समय बढ़ाने की मांग को जिला प्रशासन से स्वीकार कर लिया है। अब पुस्तकालय सुबह सात बजे से लेकर रात दस बजे तक खुला रहेगा।
जागरण संवाददाता, कैथल : शहर के स्वामी विवेकानंद जिला पुस्तकालय का समय बढ़ाने की मांग को जिला प्रशासन से स्वीकार कर लिया है। अब पुस्तकालय सुबह सात बजे से लेकर रात दस बजे तक खुला रहेगा। कुछ दिन पहले यहां पर पढ़ाई करने के लिए पहुंचे वाले विद्यार्थियों ने डीसी सुजान सिंह को जिला पुस्तकालय को रात दस बजे तक खुला रखने की मांग की थी। इस मांग पर संज्ञान लेते हुए डीसी ने उच्चतर शिक्षा विभाग के जिला अधिकारी डॉ. ऋषिपाल बेदी को आदेश दिए हैं। इस पर बेदी ने पुस्तकालय को रात तक खुला रखने के आदेश जारी किए हैं। बेदी का कहना है कि विद्यार्थियों ने डीसी से समय बढ़ाने की मांग की थी। जिस पर पुस्तकालय का समय बढ़ाने के आदेश जारी कर दिए हैं।
विद्यार्थियों ने यह की थी मांग :
जिला पुस्तकालय के समय बढ़ाने को लेकर विद्यार्थियों से डीसी से मांग करते हुए कहा था कि निजी पुस्तकालय रात तक खुले रहते हैं, जबकि जिला पुस्तकालय शाम पांच बजे तक खुलता है। विद्यार्थियों ने यह भी कहा था कि कॉलेज के समय के बाद उन्हें केवल दो से तीन घंटे ही पुस्तकालय में पढ़ने के लिए मिलते हैं। इसलिए इसका समय बढ़ाया जाना चाहिए। अब डीसी ने विद्यार्थियों की मांग को मान लिया है। यहां पर रोजाना सैंकड़ों विद्यार्थी पढ़ाई करने के लिए पहुंचते हैं।
उच्चतर शिक्षा विभाग के जिला अधिकारी डॉ. ऋषिपाल बेदी ने कहा कि डीसी सुजान सिंह के आदेशों पर जिला पुस्तकालय का समय सुबह सात बजे से लेकर रात 10 बजे तक कर दिया गया है। बेदी ने बताया कि पुस्तकालय में इस समय पांच कर्मचारी कार्य कर रहे हैं। समय में बदलाव के बाद सभी कर्मचारियों की ड्यूटी समय के अनुसार बांटी दी जाएगी।