सीवरेज ओवरफ्लो होकर मकानों के बाहर जमा हो रहा पानी
नगर पालिका प्रशासन की ओर से इंस्पेक्शन चैंबर में जाली न लगाए जाने के कारण कूड़ा-कर्कट जमा होने से सीवरेज अवरुद्ध हो रहे हैं। इससे घरों के बाहर गंदा पानी जमा होने व मकानों की नींव में रिसने से लोगों में रोष है।
संवाद सहयोगी, कलायत: नगर पालिका प्रशासन की ओर से इंस्पेक्शन चैंबर में जाली न लगाए जाने के कारण कूड़ा-कर्कट जमा होने से सीवरेज अवरुद्ध हो रहे हैं। इससे घरों के बाहर गंदा पानी जमा होने व मकानों की नींव में रिसने से लोगों में रोष है। वार्ड तीन निवासी संतोष, विमला, ऋषि पाल, कृष्ण ने बताया कि थोड़ी ही बरसात में सीवरेज ओवरफ्लो होने लगते हैं और गंदा पानी गलियों और मकानों के नीवों में जमा हो रहा है। इसके कारण मकानों में दरार व मकान गिरने का खतरा भी सताने लगा है। बरसात के मौसम में गंदा पानी जमा होने से घर और गलियों में निकलना भी मुश्किल होता जा रहा है। कई बार संबंधित विभाग से गुहार लगाने के बाद भी गंदे पानी की समस्या का कोई समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से सीवरेज समस्या बारे निजात दिलाए जाने की मांग की है।
इसलिए है समस्या
जन स्वास्थ्य विभाग जेई अजय धूल ने बताया कि नगर पालिका प्रशासन द्वारा बरसाती व अन्य पानी डालने के लिए इंस्पेक्शन चैंबर पर जाली ने लगाए जाने के कारण कूड़ा सीवरेज में जमा हो रहा है। इससे बार-बार सीवरेज अवरुद्ध हो रहा है। नगर पालिका कर्मचारियों को चेंबर के बाहर जाली लगाने के लिए कहा गया है।
परमिशन मिलते ही जल्द जाली लगा दी जाएगी:
नगरपालिका जेई मनदीप स्योकंद ने बताया कि चैंबर पर जाली लगाने के लिए डीसी से परमिशन ली जा रही है। परमिशन मिलते ही जल्द जाली लगा दी जाएगी।