खुद को बताया पंजाब का पूर्व विधायक, फिर मार दी एेसी ठगी
स्वयं को समाना (पंजाब) से पूर्व विधायक बृजलाल गोयल बता एक व्यक्ति ने नौकरी के नाम पर 11 लाख रुपये ठग लिए।
जेएनएन, कैथल। स्वयं को समाना (पंजाब) से पूर्व विधायक बृजलाल गोयल बता एक व्यक्ति ने नौकरी के नाम पर 11 लाख रुपये ठग लिए। हालांकि गोयल का कहना है कि उनके नाम पर कोई व्यक्ति ठगी कर रहा है। चीका के वार्ड नंबर पांच से पूर्व पार्षद प्रतिनिधि चांद राम ने पुलिस को बताया कि कुछ साल पहले चीका के एक व्यक्ति के घर बृजलाल गोयल का आना-जाना था। आरोपित ने कहा कि वह 2002 से 2007 तक कांग्रेस के टिकट पर विधायक रहा है। अब भाजपा में शामिल हो गया है। प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों से उसकी अच्छी जान-पहचान है। एक मंत्री उसका रिश्तेदार भी हैै।
आरोपित की बातों में आकर उसने अपनी पुत्रवधू, ताऊ के लड़के व अन्य को नौकरी लगवाने की बात रखी तो आरोपित ने काम कराने का आश्वासन दिया। आरोपित ने उसे कई बार प्रदेश सरकार के एक मंत्री मिलवाया भी। 1 मई 2017 को उसने चीका में आरोपित बृजलाल गोयल को पांच कामों के लिए 11 लाख रुपये दे दिए। यह रकम उसकी पुत्रवधू को बैंक में नौकरी लगवाने, वार्ड के एक युवक सूरज को डीएफएससी कार्यालय में नौकरी लगवाने, कैथल नगर पालिका में एक युवक को ड्राइवर लगवाने, नगर पालिका चीका में डीसी रेट पर लगे एक युवक को पक्का करवाने व उसके ताऊ के लड़के को नौकरी लगवाने के लिए दी गई।
कई महीने बाद उसने फोन उठाना बंद कर दिया। जब उसके बताए पते पंजाब के समाणिया गेट व पंचकूला में गए तो पता चला कि वह पूर्व विधायक नहीं है। वह राजपुरा से विधायक रहे बृजलाल गोयल का नाम इस्तेमाल कर लोगों से पैसे हड़प रहा है। चांद राम के मुताबिक वह पूर्व विधायक बृजलाल से मिला तो उन्होंने बताया कि यह व्यक्ति उनके नाम पर ठगी करता है और बाद में लोग उसके पास आते हैं।
चीका थाना प्रभारी उमेद कुमार ने बताया कि आरोपित ने स्वयं को समाना से कांग्रेस का पूर्व विधायक बताकर शिकायतकर्ता से लाखों रुपये हड़पे हैं, पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। गिरफ्तारी को लेकर जांच की जा रही है।