चंडीगढ़, पटियाला व हरिद्वार रूट पर उठने लगी बस चलाने की मांग
पिछले छह महीने से चंडीगढ़ पटियाला दिल्ली सहित अन्य रूट पर बस सेवा बंद पड़ा है। इन रूटों पर लॉकडाउन के समय से बसें नहीं चलाई जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल: पिछले छह महीने से चंडीगढ़, पटियाला, दिल्ली सहित अन्य रूट पर बस सेवा बंद पड़ा है। इन रूटों पर लॉकडाउन के समय से बसें नहीं चलाई जा रही हैं। बसें नहीं चलने से अंतरराज्यीय रूटों पर जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। इन अंतरराज्यीय रूटों पर कैथल से सीधे जाने को बसें मिलती थी। अब चंडीगढ़ व दिल्ली जाने वाले यात्रियों को दो से तीन बसें बदलनी पड़ रही है। इससे यात्री परेशान हो चुके है।
यात्रियों को अब इन रूटों पर रोडवेज बसों की सुविधा मिलने की दरकार है। बता दें कि इन रूटों पर बसें न चलने के कारण रोडवेज बसों की अन्य प्रदेशों में एंट्री पर रोक लगाई हुई है। तभी से ये बसें नहीं चल रही है। यात्रियों ने अब इन रूटों पर बस चलाने की मांग की है।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन के बाद अब धीरे- धीरे सब अनलॉक हो रहा है। प्रदेश की लगभग बसें रूटों पर दौड़ रही है, लेकिन अंतरराज्यीय बसें अभी तक सड़कों पर दौड़ नहीं पाई है।
डिपो की आमदनी पर हो रहा असर
अंतरराज्यीय बसें बंद होने के कारण डिपो की आमदनी पर असर पड़ रहा है। लॉकडाउन से पहले 30 के करीब बसें अंतरराज्यीय रूटों पर चल रही है। दो लाख के करीब आमदनी इन बसों के खड़े होने से कम हुई है। डिपो को लंबे रूटों पर जाने वाली बसों से सबसे ज्यादा आमदनी होती है। चंडीगढ़ व पटियाला की बसें स्पेशल चलाने की मांग की है।
इन रूटों पर बसें नहीं चल रही-
कैथल से दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़, हरिद्वार, पटियाला व इत्यादि रूटों पर बसें चलती है। लेकिन लॉकडाउन से रूट बंद पड़े है। इन यात्रियों को कई जगह बसें बदलनी पड़ रही है।
विभाग की तरफ से कोई आदेश नहीं आए
रोडवेज के कार्यवाहक जीएम अजय गर्ग ने बताया कि विभाग की तरफ से अभी कोई आदेश नहीं आए है। आदेश आने के बाद बसों का संचालन कर दिया जाएगा।