झारखंड में जज बनीं कैथल की बेटी अपर्णा
झारखंड लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित सिविल सर्विस परीक्षा में कैथल की बेटी अपर्णा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 27वां रैंक हासिल किया। अपर्णा मूलरूप से शहर की आदर्श नगर कॉलोनी की निवासी है।
जागरण संवाददाता, कैथल : झारखंड लोकसेवा आयोग की ओर से आयोजित सिविल सर्विस परीक्षा में कैथल की बेटी अपर्णा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 27वां रैंक हासिल किया। अपर्णा मूलरूप से शहर की आदर्श नगर कॉलोनी की निवासी है। वर्तमान में अपर्णा का परिवार चंडीगढ़ में रह रहा है। वह प्रसिद्ध इतिहासकार स्वर्गीय दामोदर वशिष्ठ की पौत्री हैं। शहर की बेटी ने बीएएलएलबी आनर्स पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ से की है। अपर्णा की नंवबर महीने में ही शादी हुई है और उनके पति भी झारखंड के देवघर में जज एवं रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। अपर्णा ने शादी के तीन महीने के बाद ही अपने मुकाम को हासिल कर अपने स्वजनों गौरवान्वित किया। अपर्णा के जज बनने के बाद उसके स्वजनों में खुशी की लहर है।
स्कूल के समय था सपना, अब हुआ पूरा :
अपर्णा के पिता हरेश वशिष्ठ ने बताया कि जब उनकी बेटी ने तीन वर्ष की आयु में स्कूल जाना शुरू किया तो वह बचपन में एक एडवोकेट बनने के लिए कहती थी। इसके बाद जब अपर्णा कक्षा आठवीं कक्षा में हुई तो उसने तभी से ही जज बनने का लक्ष्य अपने जीवन में रख लिया। वशिष्ठ ने बताया कि अपर्णा की माता पैरामिल्ट्री फोर्स में तैनात रही हैं। उन्होंने वर्ष 2011 में ही अपर्णा की पढ़ाई के लिए अपना सेवानिवृति ले ली थी। उन्होंने बताया कि अपर्णा दो बहनें हैं और उनकी बड़ी बहन कनुप्रिया पीजीआइ चंडीगढ़ में डॉक्टर के पद पर तैनात हैं।
हरेश वशिष्ठ ने बताया कि अपर्णा ने वर्ष 2019 में झारखंड लोकसेवा आयोग की सिविल सर्विस परीक्षा दी थी, जिसका परिणाम दो दिन पहले ही आया है। इस परीक्षा में अपर्णा ने 27वां रैंक हासिल कर जज बनने की सफलता प्राप्त की है। अपर्णा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा कैथल से तो बीएएलएलबी चंडीगढ़ की पंजाब यूनिवर्सिटी से की है। इसके बाद अपर्णा ने पिछले तीन वर्षाें से ही सिविल सर्विस की परीक्षा तैयारी शुरू की थी। पिछले वर्ष पहली बार ही दी गई परीक्षा में उसने अपना लक्ष्य प्राप्त किया।