सीवरेज निर्माण का कार्य अधर में लटकने से 40 हजार की आबादी प्रभावित
गांव सीवन में समस्याओं के कारण ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गांव की आबादी करीब 40 हजार है और करीब 14 हजार वोट हैं। गांव में मुख्य समस्या पानी निकासी की बनी हुई है। हालांकि गांव में सीवरेज निर्माण का कार्य शुरू किया गया था जो अब बंद हो चुका है। सीवरेज चल नहीं पाए हैं और गलियों में बनी नालियां कंडम हो चुकी हैं। इन नालियों से पानी की निकासी नहीं हो रही है।
जागरण संवाददाता, कैथल : गांव सीवन में समस्याओं के कारण ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गांव की आबादी करीब 40 हजार है और करीब 14 हजार वोट हैं। गांव में मुख्य समस्या पानी निकासी की बनी हुई है। हालांकि गांव में सीवरेज निर्माण का कार्य शुरू किया गया था जो अब बंद हो चुका है। सीवरेज चल नहीं पाए हैं और गलियों में बनी नालियां कंडम हो चुकी हैं। इन नालियों से पानी की निकासी नहीं हो रही है। निकासी न होने के कारण गंदा पानी गलियों में बहने लग जाता है। गलियों में पानी जमा होने के कारण वे टूटना शुरू हो गई हैं। हलकी बरसात होते ही पानी घरों में घुसने लग जाता है। अगर पानी की निकासी नियमित हो तो यह समस्या नहीं होगी। इसके अलावा सरकारी स्कूल के पास बना नाला भी ओवरफ्लो रहता है। कई सालों से नाले की सफाई का काम नहीं किया गया है। नाले में जमा गंदगी से हमेशा बदबू का आलम बना रहता है। गांव में बने आंबेडकर भवन के पास भी गंदगी फैली हुई है। यहां साफ-सफाई का कोई प्रबंध नहीं किया गया है। हालांकि गांव की सरपंच का कहना है कि जल्द ही सीवरेज निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। कुछ कॉलोनियों में पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। गांव के कुछ ऐसे हिस्से हैं जहां मोटर से ही पानी घरों में आता है। अगर लाइट न हो तो पानी की समस्या बन जाती है। इसके अलावा कई स्थानों पर साफ-सफाई की परेशानी भी बनी हुई है। उनकी मांग है कि गांव में नियमित रूप से सफाई का काम होना चाहिए।
सुधीर कुमार गांव में मुख्य समस्या पानी निकासी की है। पानी जमा होता रहता है, जिसके कारण वह गंदा हो जाता है। जमा हुए गंदे पानी में बीमारी फैलाने वाले मच्छर पैदा होते हैं। अगर समय पर पानी निकासी का कार्य करवा दिया जाए तो समस्या खत्म हो सकती है।
- दर्शन मुंजाल सीवरेज निर्माण का कार्य जल्द ही शुरू करवा दिया जाएगा। जो गलियां टूटी हुई हैं उन्हें भी ग्रांट आते ही नए तरीके से बना दिया जाएगा। पंचायत की ओर से लोगों को हर सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।
पवनदीप कौर खारा, सरपंच