कांग्रेस हर वर्ग के लिए बनाएगी ठोस नीति : सुरजेवाला
विधानसभा क्षेत्र कैथल से कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शहर के बाजारों में डोर-टू-डोर अभियान चलाया। इस दौरान मतदाताओं से संपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जागरण संवाददाता, कैथल : विधानसभा क्षेत्र कैथल से कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शहर के बाजारों में डोर-टू-डोर अभियान चलाया। इस दौरान मतदाताओं से संपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान सुरजेवाला का जगह जगह पर फूल मालाओं से स्वागत किया। सुरजेवाला ने कहा कि कैथल की जनता 2004 से पहले के उस वक्त को कैसे भूल सकती है, जब शाम छह बजे के बाद शहर का व्यापारी अपने आपको असुरक्षित महसूस करता था, वो समय जब दिन दहाड़े हत्या और फिरौती का दौर था, वो समय जब कैथल वासी असुरक्षित महसूस करते थे तब कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद इसे खत्म कर एक स्वच्छ शासन लोगों को दिया। कांग्रेस प्रत्याशी सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो घोषणा पत्र जारी किया वह हर वर्ग को लाभ पहुंचाने वाला है। सत्ता में आने के बाद हर वर्ग के लिए अलग से बोर्ड स्थापित करते हुए लाभ पहुंचाया जाएगा। किसान, कर्मचारी, मजदूर, व्यापारी के लिए ठोस नीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच साल के शासनकाल में केवल लोगों को परेशान करने का काम किया है। आज भाजपा राज में बेरोजगारी बढ़ रही है, लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। किसानों को जहां मंडियों में फसलों का भाव नहीं मिल रहा है, वहीं मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है। कांग्रेस की सरकार आने पर लोगों की सभी कमियों को दूर किया जाएगा।
सुरजेवाला ने अपने चुनावी जनसंपर्क के दौरान कई गांव का भी दौरा किया। इस दौरान गांव बलवंती से श्योराण परिवारों से टेकचंद, पूर्व सरपंच महाबीर, राजेश, बलवान, शमशेर, अनिल, रामसिंह, ईश्वर, गुलाब, विरेंद्र, जगदीश, रामकुमार, पालाराम, टेका, जसबीर, नरेश, गुलाब सिंह, रामफल, सुखदेव, सूबे सिंह और गांव नौच में राजराना परिवारों से सुनील, शेर, बिन्द्र, कुलदीप, बलबीर ने इनेलो पार्टी को छोड़कर सुरजेवाला को अपना समर्थन दिया।