15 घंटे काम कर फर्ज निभा रहे एसएचओ प्रह्लाद सिंह
कोरोना महामारी को हराने के लिए चिकित्सक और मेडिकल स्टाफ ही नहीं बल्कि पुलिस कर्मचारी भी दिन-रात ड्यूटी कर अपना फर्ज निभा रहे हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल : कोरोना महामारी को हराने के लिए चिकित्सक और मेडिकल स्टाफ ही नहीं बल्कि पुलिस कर्मचारी भी दिन-रात ड्यूटी कर अपना फर्ज निभा रहे हैं। सिविल लाइन थाना एसएचओ प्रह्लाद सिंह ने बताया कि लॉकडाउन के बाद से अपने घर जिला सिरसा के गांव मोचीवाली नहीं जा पाए हैं। थाना के कर्मचारियों के साथ लगातार ड्यूटी कर रहे हैं। सुबह छह बजे थाना पहुंच जाते हैं और रात को करीब 11 बजे तक ड्यूटी करते हैं। इसके बाद मोबाइल पर अपनी टीम के साथ जुड़े रहते हैं। रात को अगर दो बजे भी थाना या पेट्रोलिग टीम का फोन आ गया तो उसी समय ड्यूटी पर पहुंच जाते हैं। एसएचओ प्रह्लाद सिंह ने बताया कि इस दौरान सीनियर अफसरों का पूरा सहयोग मिल रहा है। कई बार रात को कोई मामला सामने आ जाता है तो मार्गदर्शन के लिए एसपी शशांक कुमार सावन से संपर्क करते हैं। चाहे रात को दो बजे या तीन बजे का टाइम एसपी साहब फोन उठाने के बाद जो गाइडलाइन देते हैं उस अनुसार कार्य करते हैं। डीसी, एसपी और डीएसपी ने अपनी टीम के साथ नाका पर ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मचारियों को मास्क, सैनिटाइजर और फल भी वितरित करते हुए उनका हौसला बढ़ाया था। इसी तरह से थाना के सभी कर्मचारियों और क्षेत्र के लोगों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।
माता-पिता को रहती ज्यादा चिता
एसएचओ ने बताया कि कोरोना संकट के बीच माता-पिता को काफी चिता रहती है। ड्यूटी के दौरान माता-पिता, पत्नी और बच्चों के फोन आते हैं। बेटा चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रहा है। बातचीत के दौरान पूरी सावधानी बरतने को कहते हैं। माता-पिता हर समय मास्क पहनने, बार-बार हाथ साफ करने को कहती हैं। वे भी अपने परिवार को लॉकडाउन का पालन करने की बात कहते हैं। पेट्रोल के दौरान अगर वे जहां भी जाते हैं लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक करते हैं।