सीआइए को देख छत से कूदने वाले युवक की पीजीआइ में मौत, परिजनों ने लगाया जाम
संवाद सहयोगी, पूंडरी : सीआइए पुलिस की टीम को देखकर छत से छलांग लगाने वाले युवक संजीव कु
संवाद सहयोगी, पूंडरी : सीआइए पुलिस की टीम को देखकर छत से छलांग लगाने वाले युवक संजीव कुमार (28) की बुधवार को चंडीगढ़ पीजीआइ में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से ही पुलिस अधिकारियों की मुश्किलें बढ़ गई थी। आज मौत की जानकारी मिलने पर पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। सूचना मिलने पर देर शाम परिजनों ने कैथल-करनाल मार्ग पर शहीद आहुलवालिया चौक पर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे बाद पुलिस कर्मचारियों पर मामला दर्ज करने का आश्वासन देने के बाद परिजनों ने जाम खोल दिया।
ये था मामला
पांच फरवरी को सीआइए पुलिस को सूचना मिली की कुछ युवक पूंडरी में एक मकान के चौबारे में सट्टा खेल रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने छापा मारा। पांच युवकों को तो पुलिस ने काबू कर लिया, लेकिन एक युवक ने पुलिस को देखकर छत से छलांग लगा दी थी। इस कारण उसे गंभीर चोट आई थी। सिविल अस्पताल दाखिल करवाया गया था। जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआइ चंडीगढ़ रेफर कर दिया था। बुधवार सुबह उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत को लेकर पुलिस की टेंशन बढ़ गई थी। पुलिस अधिकारियों ने डीसी सुनीता वर्मा को भी इस मामले की सूचना दी। पीजीआइ से शाम के समय शव पूंडरी पहुंचा। इससे पूर्व परिजनों ने एकत्रित होकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर डीएसपी रामकुमार, सतीश गौतम व थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य रणधीर गोलन भी जाम लगा रहे लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाते हुए शांत किया।
पहले से ही था पुलिस को जाम का अंदेशा
युवक की मौत के बाद से ही पुलिस को अंदेशा था कि परिजन जाम लगा सकते हैं, इसके चलते पुलिस ने पहले से ही तैयारी कर ली थी। भारी पुलिस बल इसके लिए तैयार कर लिया गया था। जैसे ही परिजन सड़कों पर आए तो पुलिस बल डीएसपी रामकुमार व सतीश गौतम के नेतृत्व में वहां पहुंचा। जाम लगा रहे लोगों ने कहा कि पुलिस टीम के छापा मारने के चलते यह हादसा हुआ है। उनकी मांग है कि दोषी पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों पर केस दर्ज कर परिजनों को न्याय दिलवाया जाए। परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाए।
बाक्स-
सात बहनों में अकेला भाई था मृतक
मृतक संजीव कुमार सात बहनों में अकेला भाई थी। वह अपने पीछे दो साल का एक लड़का छोड़ गया। बर्तनों की दुकान पर कामकाज कर बुजुर्ग माता-पिता का पालन-पोषण कर रहा था। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि अब घर में कमाने वाला भी कोई नहीं है। भाजपा नेता रणधीर गोलन सहित अन्य नेताओं ने सरकार से आर्थिक सहायता दिलवाने का आश्वासन दिया है।
वर्जन
युवक की मौत के बाद परिजनों ने जाम लगा दिया था। परिजनों को समझाया गया है, जो भी शिकायत परिजन देंगे, उस आधार पर जांच करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
- सतीश गौतम, डीएसपी, कैथल।