भाजपा-जजपा की सुस्त चाल से बच्चों की शिक्षा हुई बेहाल
अखिल भारतीय कांग्रेस कोर कमेटी सदस्य एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला कैथल में कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए और हलके में विभिन्न शादी समारोह में शिरकत की।
जागरण संवाददाता, कैथल : अखिल भारतीय कांग्रेस कोर कमेटी सदस्य एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला कैथल में कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए और हलके में विभिन्न शादी समारोह में शिरकत की। इस दौरान केंद्र की मोदी और प्रदेश की भाजपा-जजपा सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि मोदी सरकार का भेदभाव और प्रदेश सरकार की नालायकी देखिए कि संसद मे उत्तर से खुलासा हुआ है कि देश में पिछले तीन साल में कुल 38,477 करोड़ जारी हुए, लेकिन हरियाणा को केवल 36 लाख मिले। क्या भाजपा हरियाणा को देश के नक्शे पर नहीं मानती। भाजपा का पक्की छत का दावा कच्चा निकल चुका है। एक तरफ तो गठबंधन सरकार पांच साल में 64,000 पक्के मकान बनाने का दावा करती है, लेकिन हकीकत में अभी तक 52 प्रतिशत पक्के मकान अधूरे हैं। क्या भाजपा जजपा का 100 दिनों का रिपोर्ट कार्ड यही है।
सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा- जजपा की सुस्त चाल से बच्चों की शिक्षा बेहाल हो चुकी है। इससे भाजपा के झूठे दावों की पोल खुल चुकी है।
पांच साल से राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान में 2471 कार्यों में से 2066 कार्य आज भी अधूरे पड़े हैं। अगर नहीं पढ़ेगा इंडिया तो कैसे बढ़ेगा इंडिया। उन्होंने कहा कि एससी एसटी के आरक्षण के मौलिक अधिकार को ही खत्म करने का भाजपाई साजिश बेनकाब हो चुका है।