अपने शब्दों को वापस लेकर सीएम से माफी मांगे चौटाला : सैनी
कुरुक्षेत्र लोकसभा से नवनियुक्त सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि चौटाला परिवार अपने किए की सजा भुगत रहा है। चौटाला परिवार ने अपने कार्यकाल में जनता को लूटने का काम किया
जागरण संवाददाता, कैथल : कुरुक्षेत्र लोकसभा से नवनियुक्त सांसद नायब सिंह सैनी ने कहा कि चौटाला परिवार अपने किए की सजा भुगत रहा है। चौटाला परिवार ने अपने कार्यकाल में जनता को लूटने का काम किया। एक ईमानदार सीएम के खिलाफ गलत बोलना चौटाला परिवार की मानसिकता को दर्शाता है। ओमप्रकाश चौटाला अपने शब्दों को वापस लेकर तुरंत सीएम मनोहर लाल से माफी मांगे। वे अमरगढ़ गामड़ी स्थित सैनी धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शहर की जनता ने रणदीप सिंह सुरजेवाला को 56 इंच की सीना दिखाने का काम किया है। लोकसभा चुनावों में कैथल विधानसभा से जनता ने 56 हजार वोटों से उन्हें जीत हासिल करवाई है। आने वाले विधानसभा चुनावों में सुरजेवाला की जींद उप चुनाव से भी बुरी हालत होने वाली है। इनेलो व जजपा कांग्रेस पार्टी की ही बी टीम है। दोनों ही पार्टियां अपना आस्तित्व खो चुकी हैं। चुनावों में जजपा और इनेलो के उम्मीदवार अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए है। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र देश का एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। इसे अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलवाने के लिए काम किया जाएगा। केंद्र में प्रधानमंत्री और हरियाणा में सीएम सबका साथ सबका विकास की नीति को लेकर काम कर रहे हैं। आने वाले विधानसभा चुनावों में हरियाणा की सभी 90 सीटें भाजपा जितने का काम करेगी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप