विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमानत पर बाहर आते ही हाईवे पर हुड़दंग! कैथल में हत्या के आरोपी के स्वागत में निकला काफिला; 6 गिरफ्तार व 5 गाड़ियां जब्त

Published: Sat, 26 Sep 2026 11:29 PM (IST)

राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाकर यातायात बाधित करने व हुड़दंग मचाने के आरोप में सीआईए कलायत पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

जमानत पर बाहर आते ही हाईवे पर हुड़दंग, 5 गाड़ियां जब्त। फोटो जागरण

जमानत पर बाहर आते ही हाईवे पर हुड़दंग, 5 गाड़ियां जब्त। फोटो जागरण

HighLights

  1. राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर छह आरोपित गिरफ्तार, पांच गाड़ियां जब्त।

  2. जमानत पर छूटे जयप्रकाश के साथियों ने मचाया था उत्पात।

  3. तेज गति से वाहन चलाकर यातायात व्यवस्था की थी बाधित।

जागरण संवाददाता, कैथल। राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाकर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने और हुड़दंगबाजी करने के मामले में सीआइए कलायत पुलिस टीम ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर पांच काले रंग की गाड़ियों को भी जब्त किया है।

एचसी विनोद कुमार की टीम ने खरक पांडवा निवासी जयप्रकाश उर्फ जेपी, सुनील, साहिल, सुमित, कैथल निवासी नमनप्रीत, बलबेहड़ा निवासी राजेश को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 22 सितंबर 2026 की रात करीब नौ बजे अंबाला-हिसार राष्ट्रीय राजमार्ग-152 पर गांव खरक पांडवा के पास कई गाड़िया तेज गति व लापरवाही से चलाई जा रही थी। वाहनों में सवार व्यक्तियों की तरफ से सड़क पर शोरशराबा किया जा रहा था।

चाकू से हमला कर युवक की कर दी थी हत्या

वाहनों को इस प्रकार चलाया जा रहा था जिससे हाईवे पर आने-जाने वाले आम नागरिकों, अन्य वाहन चालकों और एंबुलेंस आदि के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने की स्थिति बनी। जांच में सामने आया कि गांव खरक पांडवा निवासी जयप्रकाश उर्फ जेपी 22 सितंबर को जिला जेल करनाल से जमानत पर बाहर आया था।

आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक मई 2025 में कैथल के बाजार में एक युवक की चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी थी। आरोपित को कैथल जेल से करनाल जेल में शिफ्ट कर दिया गया था। उसे लेने के लिए उसके साथी कई गाड़ियों में करनाल जेल पहुंचे थे।

वापस गांव की तरफ आते समय तितरम से गांव खरक पांडवा की तरफ एनएच 152 पर गाड़ियों को तेज एवं लापरवाही पूर्ण तरीके से चलाकर यातायात प्रभावित किया गया।