दो दिन जागरूक करने के बाद आज से कटेंगे चालान
एसपी शशांक कुमार सावन के आदेशानुसार कोरोना पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने दो दिन तक जागरूकता अभियान चलाया।
जागरण संवाददाता, कैथल : एसपी शशांक कुमार सावन के आदेशानुसार कोरोना पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने दो दिन तक जागरूकता अभियान चलाया। सोमवार और मंगलवार को सभी थाना प्रबंधक, चौकी प्रभारी, ट्रैफिक पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर बगैर मास्क पहने व्यक्तियों को निशुल्क मास्क बांटे गए। उन्हें बचाव के लिए मास्क के महत्व बारे जागरुक किया गया। बिना मास्क घूम रहे लोगों को मास्क बांटे और आगे से मास्क लगाकर चलने की चेतावनी दी। बुधवार से मास्क न पहनने वालों के चालान काटे जाएंगे। जिला कैथल सहित हरियाणा में कोरोना महामारी तेजी से फैल रही है। लोगों को बताया कि निरंतर मास्क का प्रयोग करने, समय-समय पर हाथों को सैनेटाइज करने और दो गज दूरी का पालन करने से कोरोना संक्रमण को रोका जा सकता है। घर से निकलते ही मास्क लगाना जरूरी है। मास्क ना लगातार हम स्वयं के साथ दूसरों को भी परेशानी में डाल सकते हैं। वहीं राजौंद थाना प्रभारी जयवीर सिंह के नेतृत्व में स्थानीय लोगों को मास्क वितरित किए गए। पुलिस ने नगर की मेन मार्केट बस स्टैंड, महाराणा प्रताप चौक सहित नगर के अन्य स्थानों पर निशुल्क 500 मास्क लोगों को वितरित किए।