विपक्ष के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है केंद्र सरकार : माजरा
पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है।
जागरण संवाददाता, कैथल : पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। कार्तिक चिदंबरम पर 16वीं बार सीबीआई की रेड की गई है। इसी तरह के विपक्ष के कई नेताओं को लगातार नोटिस भेजे जा रहे हैं। फारुख अब्दुला को नोटिस भेजा जा रहा है। जनता सब देख रही है। जिस तरह से कांग्रेस पार्टी द्वारा एजेंसियों का दुरुपयोग किया जाता था। उसी तरह से भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। वे शनिवार को गांव जाखौली में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। पूर्व मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में महंगाई चरम पर है। सरकार का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। सरकार की आय दोगुनी करने का झांसा देने वाली भाजपा सरकार में किसानों की जो आय थी, वह भी घट गई है। जरूरत अनुसार उन्हें खाद नहीं मिलता। समय पर बिजली नहीं मिलती। समय पर पानी नहीं मिलता। किसान करें तो क्या करें? सरकार केवल जुमलों में विश्वास रखती है। किसानों के अलावा कमेरे वर्ग की ओर सरकार का कोई ध्यान नहीं है। आर्थिक हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को खाद, बीज, पानी व बिजली की कमी है। स्कूलों में किताबें व अध्यापक नहीं है। अस्पतालों में डाक्टर नहीं हैं। माजरा ने कहा कि आम जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। सरकार को आने वाले समय में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने गांव में हुए भव्य स्वागत करने पर गांव वासियों का आभार व्यक्त किया। लोगों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना।