अवैध रूप से घी की फैक्टरी चलाने पर संचालक के खिलाफ केस दर्ज
शेरगढ़ रोड स्थित शिव कालोनी में अवैध रूप से चल रही घी की फैक्टरी के संचालक पर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। सीएम फ्लाइंग की टीम ने रेड करते हुए 2400 लीटर घी बरामद किया था। फूड सेफ्टी ऑफिसर डा. राजीव शर्मा ने घी के तीन सैंपल लिए थे। सभी को जांच के लिए चंडीगढ़ लैब में भेजा गया है। दो दिनों में रिपोर्ट आने की संभावना है।
जागरण संवाददाता, कैथल: शेरगढ़ रोड स्थित शिव कालोनी में अवैध रूप से चल रही घी की फैक्टरी के संचालक पर सिटी थाना पुलिस ने केस दर्ज किया था। सीएम फ्लाइंग की टीम ने रेड करते हुए 2400 लीटर घी बरामद किया था। फूड सेफ्टी ऑफिसर डा. राजीव शर्मा ने घी के तीन सैंपल लिए थे। सभी को जांच के लिए चंडीगढ़ लैब में भेजा गया है। दो दिनों में रिपोर्ट आने की संभावना है। रेड के दूसरे दिन भी विभाग को यह जानकारी नहीं मिली थी कि आखिर इस फैक्टरी का संचालक कौन है। शहर के एक ईंट भट्ठा मालिक के बेटे की यह घी फैक्टरी बताई जाती है, लेकिन कागज किसी और के नाम से हैं।
पुलिस को दी शिकायत में इंस्पेक्टर रविद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने बुधवार को शिव कालोनी स्थित घी की फैक्टरी में छापेमारी की थी। टीम को सूचना मिली थी की यहां अवैध रूप से घी तैयार कर मार्केट में बेचा जा रहा है। इस सूचना के बाद जिला कैथल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव शर्मा को साथ लेकर टीम यहां पहुंची। फैक्टरी के साथ-साथ एक गोदाम भी दूसरी गली में बनाया हुआ था। जहां घी तैयार करते हुए गोदाम में रखा जाता था। इसके बाद इसे शहर में सप्लाई किया जाता था। शिकायतकर्ता ने बताया कि आधा किलो, एक किलो, दो किलो और पांच किलो और 15 लीटर टीन की पैकिग में बेचा जा रहा था। फैक्टरी के अंदर घी तैयार करने की एक मशीन भी लगी हुई मिली और गोपाल घी मार्का डिब्बों पर चस्पा था। टीम की इस कार्रवाई के बाद फैक्टरी में काम करने वाली लेबर और मालिक मौके से फरार हो गए। दो साल पहले ही यहां घी की फैक्टरी शुरू की थी। इससे पहले यहां आटा चक्की लगाकर आटा शहर में सप्लाई किया जाता था।
मामले की जांच कर रही पुलिस
फूड सेफ्टी अधिकारी डा. राजीव शर्मा ने बताया कि फैक्टरी से घी के तीन सैंपल लिए थे। इसका मालिक कौन है, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता के बारे में पता चल पाएगा।
सत्यम इंडस्ट्री संचालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया
मामले के जांच अधिकारी एएसआइ कुलबीर ने बताया कि सत्यम फूड इंडस्ट्री के संचालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मालिक की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस जांच कर रही है। ----------