कैथल में बुलडोजर एक्शन, दो अवैध कॉलोनियों पर चला पीला पंजा; डीटीपी ने ध्वस्त कीं सड़कें
कैथल के जिला नगर योजनाकार कार्यालय ने पट्टी गादड़ में करीब पांच एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही दो अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की।

करनाल में दो अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर एक्शन। फाइल फोटो
HighLights
कैथल डीटीपी ने पट्टी गादड़ में अवैध कॉलोनियां ध्वस्त कीं
पांच एकड़ भूमि पर विकसित हो रही थीं दो अवैध कॉलोनियां
बिना अनुमति निर्माण जारी रखने पर विभाग ने की कार्रवाई
जागरण संवाददाता, कैथल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) कार्यालय कैथल की टीम ने पट्टी गादड़ में करीब पांच एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही दो अवैध कालोनियों में तोड़फोड़ की। जेसीबी मशीन की मदद से डीपीसी और कच्ची सड़कों को ध्वस्त किया गया।
इस दौरान पशुपालन विभाग कैथल के उप निदेशक डॉ. सूर्य खटकड़ बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। जिला नगर योजनाकार प्रवीण कुमार ने बताया कि विभाग के संज्ञान में आया था कि पट्टी गादड़ में भू-मालिकों द्वारा बिना किसी विभागीय अनुमति के करीब पांच एकड़ भूमि पर सड़कें बनाकर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही है।
इस संबंध में एचडीआर एक्ट 1975 के तहत भू-मालिकों और प्रॉपर्टी डीलरों को नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया और विभाग से आवश्यक अनुमति भी प्राप्त नहीं की गई। इसके बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई।
जिला नगर योजनाकार ने आमजन से अपील की कि सस्ते प्लॉट के लालच में आकर अपनी खून-पसीने की कमाई जोखिम में न डालें। किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले डीटीपी कार्यालय से उसकी वैधता और आवश्यक अनुमतियों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।
