आम बजट को भाजपा नेताओं ने सराहा विपक्ष ने नकारा
जागरण संवाददाता, कैथल : भाजपा नेता जहां अंतरिम बजट भाजपा नेता जहां अंतरिम बजट से गदगद दिखाई देते हुए घोषणाओं का सोशल मीडिया पर इसका गुणगान करने लगे। वहीं विपक्षी नेताओं ने भाजपा के बजट को चुनावी व किसान विरोधी करार दिया।
जागरण संवाददाता, कैथल : भाजपा नेता जहां अंतरिम बजट से गदगद दिखाई देते हुए घोषणाओं का सोशल मीडिया पर इसका गुणगान करने लगे। वहीं विपक्षी नेताओं ने भाजपा के बजट को चुनावी व किसान विरोधी करार दिया। बजट में सरकार ने हर वर्ग को खुश करने की कोशिश की है। खासकर किसानों के लिए जो घोषणा की है उसकी सराहना की जा रही है।
बॉक्स
किसानों को संतुष्ट करने में नाकाम रही सरकार
भारतीय किसान संघ के प्रांतीय सचिव रणदीप आर्य ने कहा कि सरकार ने चुनावी लाभ को ध्यान में रखकर घोषणाएं की हैं। अब तक किसी भी सरकार ने गठित आयोग की रिपोर्टों का पूर्ण रुप से लागू नहीं किया है। किसान फसलों का लाभकारी मूल्य चाहता है, लेकिन सरकार 500 रुपये महीना देकर किसानों को संतुष्ट नहीं कर सकती है।
बॉक्स
हर वर्ग खुश है बजट से
भाजपा के जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा है। सभी वर्ग बजट से खुश हैं। विशेषकर मध्यम वर्ग को सरकार ने कईं सौगातें दी हैं, जिसका लाभ देश की बहुत बड़ी आबादी को मिलेगा।
बॉक्स
चुनावों को ध्यान में रख की
आधी अधूरी घोषणाएं
इनेलो नेता व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रामपाल माजरा ने कहा कि सरकार ने चुनावों को देखते हुए आधी अधूरी घोषणाएं की हैं, लेकिन देश की जनता बेवकूफ नहीं है। सरकार का अंतरिम बजट पूरी तरह से चुनावी बजट है। सरकार अपने पूर्व के बजट की तरह इस बार भी सभी वर्गों को खुश करने में नाकाम रही है।
बॉक्स
बजट में उड़ाया गया किसानों का मजाक
जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रणदीप कौल ने कहा कि एक बार भाजपा ने साबित कर दिया कि वे किसान व कर्मचारी विरोधी है। बजट में किसानों के कर्जा मुक्ति की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन सरकार ने किसानों का मजाक उड़ाने का काम किया है। किसानों के साथ मजाक किया गया है।
बॉक्स
मोदी सरकार ने हर वर्ग को किया मालामाल
भाजपा नेता रवि भूषण गर्ग ने कहा कि अंतरिम बजट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर वर्ग को मालामाल कर दिया है। आयकर छूट को बढ़ाना हो या कर्मचारियों, किसानों व व्यापारियों की बात हो सरकार ने हर वर्ग के सपनों को साकार करने का काम किया है। पहली बार किसी ने मजदूरों के हितों का भी बजट में ख्याल रखा है और बड़ी घोषणाएं इस वर्ग के लिए की हैं।
बॉक्स
छह हजार कम, लेकिन
एक अच्छी पहल
राष्ट्रपति से सम्मानित प्रगतिशील किसान ईश्वर कुंडू ने कहा कि चुनाव नजदीक हैं तो किसान सभी पार्टियों की प्राथमिकता में है। छह हजार प्रति वर्ष राशि बहुत कम है, लेकिन इसको किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में पहला कदम माना जा सकता है। आने वाले समय में ये छह से बढ़कर 60 हजार भी होगा, क्योंकि सभी पार्टियों को पता चल चुका है कि बिना किसानों के वे चुनाव नहीं जीत सकती हैं।
बॉक्स
भाजपा ने पेश सधा हुआ अंतरिम बजट
अर्थशास्त्री डॉ. सूरज वालिया ने भाजपा के अंतरिम बजट को सधा हुआ बजट करार दिया है। उनका कहना है कि सरकार ने किसान, मजदूर, कर्मचारी, व्यापारी व मध्यमवर्ग को खुश करने का प्रयास किया है। आयकर में छूट देकर सरकार ने मध्यमवर्ग को बड़ी राहत दी है।
बॉक्स
पूरी तरह से चुनावी बजट
हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ के राज्य सचिव सतबीर गोयत ने कहा कि यह बजट चार साल पहले भी घोषित हो सकता था, लेकिन सरकार ने चुनावों को ध्यान में रखते हुए यह बजट जारी किया है। अधिकतर कर्मचारियों को आयकर छूट का कोई लाभ नहीं मिलेगा। स्टैंडर्ड डिडक्शन ज्यादा बढ़ाया जाना चाहिए था जो नहीं ज्यादा नहीं बढ़ाई गई है। जिससे कर्मचारी उत्साहित नहीं हैं।