भाजपा सरकार ने प्रदेश को कई वर्ष पीछे धकेला : सुरजेवाला
अखिल भारतीय कांग्रेस कोर कमेटी सदस्य राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार ने आरबीआई के खजाने को लूटकर अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने की अपनी कारगुजारियों पर पर्दा डालने का कपटी साधन बना दिया है।
जागरण संवाददाता, कैथल :
अखिल भारतीय कांग्रेस कोर कमेटी सदस्य, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि मोदी सरकार ने आरबीआई के खजाने को लूटकर अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने की अपनी कारगुजारियों पर पर्दा डालने का कपटी साधन बना दिया है। चुनावी चरण में गांव कुलतारण, जगदीशपुरा, उझाना, दयोहरा, जसवंती, बलवंती, नौच व शहर में शक्ति नगर व खुराना रोड पर कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के दौरान संबोधित कर रहे थे।
सुरजेवाला ने कहा कि क्या आरबीआई से मिले इस पैसे का इस्तेमाल बीजेपी के पूंजीपति मित्रों (क्रोनी फ्रेंड्स) को बचाने के लिए होगा। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या यह महज इतेफाक है कि आरबीआई से लिया जा रहा 1.76 लाख करोड़ रुपये की राशि बजट आकलन में 'गायब' राशि के बराबर है।
उन्होंने कहा कि क्या यह वित्तीय समझदारी है या फिर वित्तीय आत्महत्या है। प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार आरोप लगाते हुए सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में ऐसी कोई परीक्षा नहीं हुई जिसका पर्चा लीक नहीं हुआ।
भाजपा ने पिछले चुनाव से पूर्व प्रदेश की जनता से किए आधे वायदे भी पूरे नहीं किए। आज प्रदेश का कर्मचारी, किसान, गरीब, पिछड़ा वर्ग सहित हर वर्ग सरकार की नीतियों से परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पांच वर्षों में प्रदेश को कई वर्ष पीछे धकेल दिया है। किसानों को आज फसल बेचने में दिक्कत आ रही है। अगले छह माह में अगली फसल भाजपा नहीं खरीदेगी। किसान वर्ग सहित कर्मचारी, मजदूर वर्ग भाजपा की नीतियों से तंग आ चुका है। -----------