बोली पर बासमती धान खरीदने को लेकर डीएमईओ से मिले भाकियू पदाधिकारी
अनाज मंडी ढांड में बासमती धान को बोली पर खरीदने की मांग को लेकर सोमवार को भाकियू पदाधिकारी डीएमईओ राधेश्याम शर्मा से मिले। किसानों ने कहा कि बासमती धान को बिना बोली के खरीदा जा रहा है।
संवाद सहयोगी, ढांड :
अनाज मंडी ढांड में बासमती धान को बोली पर खरीदने की मांग को लेकर सोमवार को भाकियू पदाधिकारी डीएमईओ राधेश्याम शर्मा से मिले। किसानों ने कहा कि बासमती धान को बिना बोली के खरीदा जा रहा है। इस कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस धान को बोली पर खरीदा जाना चाहिए। किसानों की इस मांग पर डीएमईओ ने मार्केट कमेटी सचिव को बोली पर धान खरीदने की प्रक्रिया को लेकर आदेश जारी किए।
भाकियू प्रदेश महासचिव भूराराम पबनावा व युवा प्रदेशाध्यक्ष विक्रम कसाना ने कहा कि किसानों की इस किस्म की धान को बोली पर नहीं खरीदकर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा है। अधिकारियों की मिलीभगत का भी भाकियू पदाधिकारियों ने आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों की धान को कम दाम पर खरीदा जा रहा है। कम रेट पर धान की खरीद होने के कारण किसानों की लागत भी पूरी नहीं हो पा रही है। यदि इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया तो किसान आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।