पांच किलोमीटर साइकिल रेस में डीग की बीरो प्रथम
वर्तमान समय में महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं तथा वे किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं।
संवाद सहयोगी, पूंडरी: महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से स्थानीय डीएवी महाविद्यालय के मैदान में ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्यातिथि हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन रणधीर सिंह गोलन रहे।
उन्होंने कहा कि वे अपने बच्चों को शिक्षा के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें और उन्हें अच्छे संस्कार दें। वर्तमान समय में महिलाएं सभी क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं तथा वे किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन गांव स्तर पर भी आयोजित होने चाहिए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से लड़कियों की शिक्षा के संदेश को भी घर-घर तक पहुंचाया जाए ताकि कोई भी लड़की पढ़ाई से वंचित न रहे। गोलन ने प्रतियोगिता के तहत करवाई गई मटका दौड़ को झंडी दिखाया। इस खेल प्रतियोगिता में छह प्रतिस्पर्धाएं हुई, जिनमें मटका दौड़, चाटी दौड़, सौ मीटर पैदल चाल, 300 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, 5 किलोमीटर साइकिल दौड़ शामिल थी। इस मौके पर विभाग की सीडीपीओ ओम लता बग्गा ने मुख्यातिथि का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार के रूप में 3100 रुपये, द्वितीय 2100 व तृतीय पुरस्कार के रूप में 750 रुपये की राशि प्रदान की गई।
ये रहे परिणाम
आलू दौड़ में चूहड़ माजरा की कविता प्रथम, भाणा की किरण द्वितीय व जटहेड़ी की रीना तीसरे स्थान पर रही। चाटी दौड़ में बाकल की नीलम प्रथम, जटहेड़ी की मीना द्वितीय व हजवाना की पूनम तीसरे स्थान पर रही। सौ मीटर पैदल चाल में जटहेड़ी की रीना प्रथम, हजवाना की बबीता द्वितीय तथा संगरोली की नीलम एवं पिलनी की सीमा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रही। इसी प्रकार 300 मीटर दौड़ में डीग की माफी देवी प्रथम, कुसुम द्वितीय व हजवाना की मंजू तीसरे स्थान पर रही। 400 मीटर दौड़ में हजवाना की रमन प्रथम, डीग की ईशा द्वितीय तथा दुसैन की कोमल तीसरे स्थान पर रही। 5 किलोमीटर साइकिल रेस में डीग की बीरो प्रथम व कविता द्वितीय तथा दुसैन की कोमल तीसरे स्थान पर रही। इस अवसर पर सुभाष गोलन, संजीव गामड़ी, होशियार सिंह, शेर सिंह, कृष्ण आर्य, मास्टर सतबीर, सिचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता बनारसी दास, हरदीप मौजूद रहीं।