कालाबाजारी पर नजर रखने के लिए प्रदेश कमेटी का किया गठन
हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव बजरंग गर्ग ने रविवार को प्रदेश प्रचार मंत्री राजीव गुप्ता से वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से जिला कैथल व प्रदेश के व्यापारियों का संज्ञान लिया।
जासं, कैथल : हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव बजरंग गर्ग ने रविवार को प्रदेश प्रचार मंत्री राजीव गुप्ता से वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से जिला कैथल व प्रदेश के व्यापारियों का संज्ञान लिया। बजरंग गर्ग ने कहा कि देश व प्रदेश में राशन, सब्जी व खाद सामग्री की किसी प्रकार की कमी नहीं है। होलसेल व रिटेल व्यापारियों के पास हर चीजों के समान का स्टॉक मौजूद है। केंद्र व प्रदेश सरकार पर अनाज का भारी भरकम स्टॉक मौजूद हैं। जनता को खाद्य सामग्री की किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
गर्ग ने कहा कि प्रदेशकमेटी का गठन किया गया है। इसमें व्यापार मंडल सिरसा जिला प्रधान हीरालाल शर्मा, सोनीपत जिला प्रधान संजय सिगला, प्रदेश संगठन मंत्री पलवल प्रवीन गर्ग, प्रदेश प्रचार मंत्री कैथल राजीव गुप्ता, पंचकुला प्रदेश युवा प्रभारी राहुल गर्ग, प्रदेश कानूनी सलाहकार वैभव जैन एडवोकेट चंडीगढ़ को नियुक्त किया है।
गर्ग ने देश व प्रदेश के व्यापारियों से अपील की है कि कोरोना वायरस के कारण देश व प्रदेश में भारी संकट आया है। उसे देखते हुए हर व्यापारी उपभोक्ता को समान पर स्पेशल डिस्काउंट दें, ताकि आम जनता को कुछ राहत मिल सकें। जबकि केंद्र व प्रदेश सरकार ने खाद्य वस्तुओं के दाम तय करके रेट लिस्ट जारी की है। अगर किसी व्यक्ति ने अपने निजी स्वार्थ के लिए कालाबाजारी करना चाहा तो व्यापार मंडल उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।