जल शक्ति अभियान के तहत रैली निकाल किया जागरूक
भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार विभाग के आर्थिक सलाहकार देवेंद्र सिंह ने नगराधीश सुरेश राविश के साथ स्थानीय कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर जल शक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
जागरण संवाददाता, कैथल : भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार विभाग के आर्थिक सलाहकार देवेंद्र सिंह ने नगराधीश सुरेश राविश के साथ स्थानीय कमेटी चौक स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर जल शक्ति अभियान के तहत जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने रैली के दौरान शहर के विभिन्न बाजारों से गुजरते हुए जल संरक्षण का संदेश दिया।
देवेन्द्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा क्रियान्वित किए जा रहे जल शक्ति अभियान का उद्देश्य वर्षा के जल का संचय करना है ताकि भूमिगत जल स्तर को बढाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी अपने घर जाकर जल संरक्षण के संदेश को हर घर तक पहुंचाएं ताकि इस अभियान को जन अभियान बनाकर सफल किया जा सके। अभियान के तहत जिला में पांच मुख्य बिदुओं पर कार्य किया जा रहा है। जागरूकता रैली में विद्यार्थियों ने स्लोगन लिखे हुए प्ले कार्ड लिए हुए थे। रैली के माध्यम से उन्होंने जल संरक्षण का संदेश दिया। जल है तो कल है। हम सब ने यह ठाना है, पानी को बचाना है। जल नहीं बचाओगे, तो कल रोटी कपड़ा मकान कहां से लाओगे। जल की होगी बर्बादी, तो नहीं होगी कोई आबादी। विद्यार्थियों ने इन स्लोगनों के माध्यम से जल के महत्व को समझाया तथा लोगों को जल संरक्षण करने का संदेश दिया। यह रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न बाजारों से होते हुए वापस विद्यालय परिसर में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या बिमला सिरोही, एनसीसी अधिकारी जितेंद्र पुरी, रामनिवास, महेश आहुजा, अमरजीत मौजूद रहे।
इसके बाद देवेंद्र सिंह ने मानस पट्टी गांव में गोद लिए गए तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का निरीक्षण किया। इस तालाब से गाद निकालने के साथ-साथ दो तरफ की दीवार का निर्माण किया गया है तथ दो घाट भी बनाए गए हैं।