विकास के नाम पर लोगों से मांग रहा हूं वोट : धर्म सिंह
बड़े भाई से प्रेरणा ले राजनीति में उतरे पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर तीसरी बार चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं।
धर्मदेव झा, समालखा
बड़े भाई से प्रेरणा ले राजनीति में उतरे पूर्व विधायक धर्म सिंह छौक्कर तीसरी बार चुनाव मैदान में ताल ठोक रहे हैं। वे 2009-14 के दौरान हलके में कराए गए कार्यों के सहारे वोट मांग रहे हैं। धर्म सिंह साफ शब्दों में कहते हैं कि उनसे ज्यादा काम कराने वाले कोई उम्मीदवार चुनाव मैदान में है तो वह भी हलकावासियों के साथ उनका समर्थन करेंगे।
-------------
सवाल : आपको राजनीति में आने की प्रेरणा कहां से मिली।
जवाब : मेरे बड़े भाई स्वर्गीय इंद्र सिंह छौक्कर राजनीति में थे। उनका सपना समाज सेवा था। उनके मरने के बाद उसे पूरा करने राजनीति में आया। राजनीति मुझे विरासत में मिली है।
सवाल : वर्ष 2014 में आप हार गए थे। आपको पार्टी ने टिकट दिया। इस बार किस मुद्दे पर वोट मांग रहे हैं?
जवाब : मैं 2009 में विधायक बना था। हलके का विकास कराया। वादे पूरे किए थे। 2014 में हारने के बाद भी जनता का साथ नहीं छोड़ा। विधायक नहीं होते हुए भी जनता की सेवा की। जनता की आवाज पर चुनाव लड़ रहा हूं। विकास को लेकर ही जनता के बीच जा रहा हूं।
सवाल : चुनाव में आपका मुख्य मुद्दा क्या है?
जवाब : बेरोजगारी मुख्य मुद्दा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, खेल व सड़क की समस्याएं मैंने दूर कर दी थी। कुछ समस्याएं अभी है, जिन्हें अब दूर करना है। निजी हो या सरकारी युवाओं के लिए क्षमता के अनुसार रोजगार की व्यवस्था की जाएगी।
सवाल : जीत के बाद आपका जोर किन समस्याओं को दूर करने पर रहेगा?
जवाब : बिजली, पानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना। अपराध और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देना। खेल को बढ़ावा देने के लिए स्टेडियम का निर्माण करना। विधायक बन हलके में यह करके दिखाऊंगा।
सवाल : महिलाओं के लिए कोई विशेष योजनाएं?
जवाब : महिला आइटीआइ, सिलाई व प्रशिक्षण केंद्र आदि की व्यवस्था की जाएगी। ग्रामीण लड़कियों को स्कूल-कॉलेज तक जाने आने के लिए बस सेवा। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।