कलायत के 15 प्रत्याशियों में से कल चुना जाएगा विधायक
विधानसभा चुनाव के चलते मतदान के बाद अब चुनाव लड़ने वाले सभी धुरंधरों का भाग्य मशीनों में बंद हो चुका है। कलायत विधानसभा क्षेत्र से लगभग 15 प्रत्याशी मैदान में रहे जिनमें से अपने हलका का विधायक चुनने के लिए हलका के मतदाताओं में उत्साह देखते ही बनता था
संवाद सहयोगी, कलायत : विधानसभा चुनाव के चलते मतदान के बाद अब चुनाव लड़ने वाले सभी धुरंधरों का भाग्य मशीनों में बंद हो चुका है। कलायत विधानसभा क्षेत्र से लगभग 15 प्रत्याशी मैदान में रहे जिनमें से अपने हलका का विधायक चुनने के लिए हलका के मतदाताओं में उत्साह देखते ही बनता था। लोगों के आपसी प्यार व भाईचारे के चलते तथा प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर की गई समुचित सुरक्षा व्यवस्था व उपलब्ध करवाई गई सुविधाओं के चलते मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान के पश्चात लोगों की निगाहें जहां अब चुनाव परिणामों पर लगी है वहीं हार जीत के कयास भी लगाए जा रहे है। हलका कलायत आजादी के बाद से ही आस्तित्व में आ गया था। पंजाब से अलग होने के बाद एक नवंबर 1966 को आस्तित्व में हरियाणा प्रदेश का राजनीति के मामले में अपना अलग ही इतिहास रहा है। चुनाव के परिणाम जैसे ही घोषित किए जाएंगे उसके साथ ही कलायत के विधायक चुनने के इस इतिहास में एक और अध्याय शामिल हो जाएगा। अगर मौजूदा विधायक जयप्रकाश चुनाव जीतते हैं तो वे ऐसे विधायक होंगे जिन्हें मतदाताओं ने हरियाणा निर्माण के 53 वर्षों के इतिहास में पहली बारे उन्हें पुन: विधायक बनाने का कार्य किया।
इसी प्रकार अगर भाजपा प्रत्याशी कमलेश ढांडा चुनाव जीतती हैं तो जहां हलका कलायत से वह दूसरी महिला विधायक चुनी जाएगी। इससे पहले 2005 में यहां से गीता भुक्कल विधायक चुनी गई थी। वहीं भाजपा भी पहली बार कलायत हलका में कमल खिलाने में सफलता हासिल कर इतिहास रचने का कार्य करेगी।
इसके अलावा जजपा उम्मीदवार सतविद्र राणा यदि चुनाव में बाजी मार लेते है तो वे भी इसलिए नया इतिहास रचेंगे क्योंकि जजपा गत वर्ष ही आस्तित्व में आई है। वहीं यह क्षेत्र इनेलो का गढ़ रहा है, इस बार इनेलो प्रत्याशी भी कितने वोट लेने में सफल रहेंगे, इसे लेकर भी लोगों में चर्चा रही।