राज्य के सभी नगर निगम, नप और नपा में रोजाना लगेगा खुला दरबार
करनाल नगर निगम में कैबिनेट मंत्री अनिल विज की बड़ी कार्रवाई के बाद अब शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरकत में आ गया है। विभाग की ओर से राज्य की सभी नगर निगमों के आयुक्त नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी व नगर पालिका के सचिव को 11 दिसंबर को पत्र जारी किया गया है।
सुनील जांगड़ा, कैथल : करनाल नगर निगम में कैबिनेट मंत्री अनिल विज की बड़ी कार्रवाई के बाद अब शहरी स्थानीय निकाय विभाग हरकत में आ गया है। विभाग की ओर से राज्य की सभी नगर निगमों के आयुक्त, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी व नगर पालिका के सचिव को 11 दिसंबर को पत्र जारी किया गया है। पत्र में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कार्यालय में रोजाना सुबह 11 से 12 बजे तक खुला दरबार लगाएंगे।
दरबार में जनता की समस्याएं सुनी जाएंगी, उनका पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा और शिकायतकर्ता को शिकायत का नंबर भी दिया जाएगा। कैबिनेट मंत्री के आदेशों के बाद शहरी स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव की ओर से पत्र जारी किया गया है। ऐसा पहली बार ही होगा कि नगर निगम, नगर परिषद व नगर पालिकाओं में रोजाना खुला दरबार लगाकर समस्याएं सुनी जाएंगी और उनका समाधान किया जाएगा।
कार्यालय से बाहर जाने के लिए लेनी होगी अनुमति
विभाग की ओर से जारी किए गए पत्र में यह भी लिखा गया है कि अगर कोई भी अधिकारी या कर्मचारी कार्यालय छोड़कर किसी भी प्रशासनिक बैठक में जाएगा तो वह उच्च अधिकारी से अनुमति लेगा। सभी अधिकारी व कर्मचारी मूवमेंट रजिस्टर भी लगाएंगे, जिसमें कहीं भी आने व जाने का समय व कारण भी लिखना होगा। इस पत्र के बाद अब कोई भी अधिकारी बिना किसी कारण से कार्यालय नहीं छोड़ पाएगा। अगर कोई अधिकारी इन आदेशों का पालन नहीं करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
विभाग की ओर से पत्र आया
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि नप कार्यालय में रोजाना खुला दरबार लगाने को लेकर विभाग की ओर से पत्र आया है। सोमवार से ही खुला दरबार लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। हर अधिकारी व कर्मचारी के पास मूवमेंट रजिस्टर भी लगाया जाएगा। शहर के लोग खुले दरबार में नगर परिषद से संबंधित समस्याएं रख सकते हैं।