पांच साल बाद हटेगा शहर से अंधेरा
शहर के 30 वार्डों में नगर परिषद की ओर से डेढ़ करोड़ रुपये की नई एलइडी लाइटें लगाई जाएंगी। करीब पांच साल बाद नप की ओर से लाइटों को लेकर टेंडर लगा दिया गया है
जागरण संवाददाता, कैथल : शहर के 30 वार्डों में नगर परिषद की ओर से डेढ़ करोड़ रुपये की नई एलइडी लाइटें लगाई जाएंगी। करीब पांच साल बाद नप की ओर से लाइटों को लेकर टेंडर लगा दिया गया है। पांच फरवरी को टेंडर खोल दिए जाएंगे और उसके बाद लाइटें लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। करीब पांच सालों से वार्डों में नई लाइटें नहीं लग पाई थी, जिससे कुछ लाइटें खराब हो चुकी थी। अब हर वार्ड में करीब 140 लाइटें नई लगाई जाएंगी। शहर में 31 वार्ड हैं और वार्ड नंबर नौ में पहले ही पांच लाख रुपये की नई एलइडी लाइटें लगाई जा चुकी हैं। छह दिसंबर को नप में हुई हाउस की बैठक में सर्वसम्मति से एजेंडा पास किया गया था। एजेंडे में लगभग सभी वार्डों में पांच-पांच लाख रुपये की लाइटें व 200-200 नए बैंच रखे जाने का प्रस्ताव रखा गया था। पहले पालिका अभियंता न होने कारण इनके टेंडर नहीं लग पाए थे। बॉक्स
एक करोड़ से डिवाइडरों पर लगनी हैं लाइटें
नगर परिषद की ओर से शहर के करनाल रोड, अंबाला रोड, ढांड रोड व जींद रोड के डिवाइडरों पर नई एलइडी लाइटें लगाई जाएंगी। इन पर नप की ओर से करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सालों पहले इन डिवाइडरों पर लाइटें लगाई गई थी, जिस कारण ज्यादातर लाइटें खराब ही रहती हैं। कई बार इन लाइटों को नप की ओर से ठीक भी करवाया गया है। अब एलइडी लाइटें लगने से डिवाइडरों पर उजाला होगा। जल्द ही इसके लिए भी टेंडर लगाया जाएगा। रेलवे पुल पर भी नई लाइटें लगाई जाएंगी। बॉक्स
शहर को बांटा गया है चार जोनों में
नगर परिषद की ओर से लाइटों को लेकर शहर को चार जोनों में बांटा गया है। शहर में 31 वार्ड हैं और वार्ड में करीब 180 से 220 तक लाइटें लगी हुई हैं। इनमें से हर वार्ड में 20 से 30 लाइटें खराब पड़ी रहती हैं। वार्ड और मुख्य मार्ग मिलाकर करीब 12 हजार स्ट्रीट लाइटें हैं। इनमें से करीब दो हजार लाइटें मरम्मत न होने के कारण खराब पड़ी हैं। बॉक्स
पुरानी लाइटें देती थी कम रोशनी
वार्डों और डिवाइडरों पर लगी पुरानी लाइटें रोशनी भी कम ही देती थी। अब एलइडी लाइटें लग जाने से शहर के वार्ड और डिवाइडर रोशन हो जाएंगे और नई लाइटें आसानी से खराब भी नहीं होगी। पार्षदों ने बैठक में किसी भी अच्छी कंपनी की लाइटें लगाने का प्रस्ताव रखा था। अब वार्डों में 45 वाट और डिवाइडरों पर 90 वाट की लाइटें लगाई जाएंगी। बॉक्स
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि वार्डों में नई एलइडी स्ट्रीट लाइटें लगाने को लेकर टेंडर लगा दिया गया है। पांच फरवरी को टेंडर खोल दिए जाएंगे। जल्द ही डिवाइडरों पर नई लाइटें लगाने को लेकर भी टेंडर लगा दिया जाएगा। ----------