विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैथल के अस्पताल में दो युवकों पर हमला करने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार, पुलिस का पिस्टल छीन फरार होने का किया प्रयास

Published: Wed, 19 Aug 2026 06:40 AM (IST)

कैथल में नागरिक अस्पताल में चाकूबाजी के आरोपी गोविंद को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। उत्तर प्रदेश से ...और पढ़ें

कैथल के अस्पताल में दो युवकों पर हमला करने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार। फोटो जागरण

कैथल के अस्पताल में दो युवकों पर हमला करने वाला मुठभेड़ में गिरफ्तार। फोटो जागरण

HighLights

  1. अस्पताल में चाकूबाजी के आरोपी गोविंद को मुठभेड़ में पकड़ा।

  2. पुलिस हिरासत से भागने और फायरिंग करने पर गोली लगी।

  3. आरोपी के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

जागरण संवाददाता, कैथल। नागरिक अस्पताल में दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में एक आरोपित क्योड़क निवासी गोविंद को मुठभेड़ के बाद काबू किया गया है। आरोपित को उत्तर प्रदेश के शामली क्षेत्र से गिरफ्तार कर कैथल लाया जा रहा था।

मंडवाल माइनर असंध रोड राजौंद के पास रात करीब ढाई बजे आरोपित ने पुलिस कर्मचारी का सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस हिरासत से फरार होने का प्रयास किया। पीछा कर रही पुलिस टीम पर पिस्टल से फायर कर दिए। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसमें आरोपित के बाएं पैर में गोली लगी और उसे काबू कर लिया गया।

डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि सोमवार को अस्पताल में क्योड़क निवासी कुलदीप व अभिषेक पर क्योड़क निवासी गोविंद और ग्योंग निवासी गोकन उर्फ रवि ने चाकुओं से जानलेवा हमला किया था। मई में कुलदीप ने आरोपित गोविंद के साथ मारपीट की थी।

इसी रंजिश के कारण यह हमला किया गया था। सोमवार को गोविंद अपने पिता को दवा दिलवाने दोस्त के साथ आया हुआ था। वहां उन्हें कुलदीप मिल गया। दोनों आरोपितों ने थार गाड़ी से चाकू और पेचकस लाकर हमला कर दिया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने आरोपितों को पकड़ने के लिए छह पुलिस टीमें लगाई थी।

सीआइए-वन इंचार्ज सब इंस्पेक्टर जसवंत सिंह की टीम ने आरोपित गोविंद को सोमवार रात को ही गांव चौंतरा जिला शामली (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करके पुलिस टीम उसको कैथल ला रही थी। पुलिस टीम जब करीब रात ढाई बजे मंडवाल माइनर के पास पहुंची तो वहां स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के एएसआइ तरसेम की टीम नाकाबंदी पर मौजूद थी।

दोनों पुलिस टीमों में फरार दूसरे आरोपित की गिरफ्तारी के संबंध में आपस में विचार-विमर्श किया जा रहा था। इसी दौरान बोलेरो में पीछे बैठे आरोपित गोविंद ने मौका पाकर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारी के गन होल्डर में लगी सरकारी पिस्टल छीन ली।

सरकारी गाड़ी को लगी गोली, बाल-बाल बचे कर्मचारी

आरोपित ने सरकारी पिस्टल से पुलिस पार्टी की तरफ सीधा फायर कर दिया। गोली सरकारी वाहन के पिछले हिस्से में लगी, जबकि पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। एसआइ जसवंत सिंह और एएसआइ तरसेम कुमार ने जवाबी फायर किए। एक गोली आरोपित गोविंद के बाएं पैर में लगी।

घायल आरोपित को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। आरोपित के विरुद्ध पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने, पुलिस अभिरक्षा से भागने, पुलिस कर्मचारी से पिस्टल छीनने के आरोप तहत राजौंद थाना में केस दर्ज किया गया।

आरोपित के विरुद्ध इससे पहले भी कैथल, कुरुक्षेत्र, गन्नौर में लूट, स्नैचिंग, आर्म्स एक्ट, जानलेवा हमला करने के करीब छह केस दर्ज हैं। बता दें कि जिला पुलिस पिछले पांच महीनों में 12 मुठभेड़ में 14 आरोपितों को पकड़ा जा चुका है।