कैथल के अस्पताल में खूनी हमला, थार से आए हमलावर; इमरजेंसी में घुसकर दो युवकों को चाकू से गोदा
सोमवार दोपहर कैथल के नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में दो युवकों पर थार गाड़ी में आए हमलावरों ने चाकुओं से ...और पढ़ें
-1786985019451_m.webp)
कैथल के अस्पताल में खूनी हमला। फोटो जागरण
HighLights
कैथल अस्पताल इमरजेंसी में दो युवकों पर चाकू से हमला।
हमलावर थार गाड़ी में आए, वारदात कर मौके से फरार।
घायल युवकों को पीजीआई रेफर, हत्या के प्रयास का केस दर्ज।
जागरण संवाददाता, कैथल। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे नागरिक अस्पताल की इमरजेंसी में थार गाड़ी में आए दो से तीन युवकों ने दो युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया। दोनों घायल युवक इमरजेंसी में मौजूद थे। अस्पताल के गार्ड आरोपितों को पकड़ते, इससे पहले ही तीनों युवक फरार हो गए।
सिविल लाइन थाना पुलिस ने हमले में घायल अभिषेक की शिकायत पर क्योड़क निवासी गोविंद और ग्योंग निवासी गोकन के विरुद्ध हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। हमले में गांव क्योड़क निवासी कुलदीप (27) और अभिषेक (24) घायल हुए हैं।
दोनों के पेट और छाती पर चाकुओं से चार से पांच वार किए। वारदात की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश सहित सीआइए की टीमें अस्पताल पहुंचीं। पुलिस ने नागरिक अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है।
गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को रोहतक पीजीआइ रेफर किया गया था, लेकिन परिजनों ने दोनों को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। अस्पताल पहुंचे गांव क्योड़क निवासी रजत ने बताया कि घायल युवक उसके भतीजे और चाचा हैं।
करीब एक सप्ताह पहले गांव के ही एक युवक के साथ उनकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। रविवार सुबह कुलदीप बाइक पर जा रहा था तो आरोपितों ने थार गाड़ी की टक्कर मारकर उसे घायल कर दिया था। इसके बाद उसे गांव की पीएचसी में भर्ती करवाया था।
सोमवार को एमएलआर कटवाने के लिए उसे पीएचसी से नागरिक अस्पताल लाया गया था। दोपहर में आरोपित थार गाड़ी में चाकू लेकर अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे और वहां मौजूद कुलदीप व अभिषेक पर हमला कर फरार हो गए।
सोमवार को सुबह गांव क्योड़क निवासी एक युवक अस्पताल की इमरजेंसी में आया था। दोपहर के समय कुछ युवकों ने इमरजेंसी में ही घायल सहित दो युवकों पर चाकुओं से हमला कर दिया था। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को रेफर कर दिया गया था। - डा. दिनेश कंसल, पीएमओ जिला नागरिक अस्पताल
चाकुओं के हमले से घायल हुए अभिषेक के बयान पर क्योड़क निवासी गोविंद और ग्योंग निवासी गोकन के विरुद्ध हत्या के प्रयास में केस दर्ज किया है। आरोपितों को पकड़ने के लिए सीआइए सहित छह टीमें लगी हुई हैं। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - प्रवीन श्योकंद, पुलिस प्रवक्ता।
