हरियाणा: 4 साल पहले वैध हुई 20 कॉलोनियों का होगा कायाकल्प, 17 करोड़ की लागत से सीवरेज और पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू
जनस्वास्थ्य विभाग ने कैथल की 20 वैध कॉलोनियों में 12 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है।
-1792836843196_m.webp)
20 वैध हुई कॉलोनियों में काम शुरू (जागरण फाइल फोटो)
HighLights
कैथल की 20 वैध कॉलोनियों में सीवरेज कार्य शुरू
12 करोड़ रुपये की लागत से बिछाई जाएगी सीवरेज लाइन
पेयजल पाइपलाइन पर भी पांच करोड़ रुपये होंगे खर्च
सुरेंद्र सैनी, कैथल। जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से करीब चार साल पहले वैध हुई 20 कॉलोनियों में सीवरेज की लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है। इस पर करीब 12 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी।
अब तक पंथ नगर सहित अन्य कॉलोनियों में तीन किलोमीटर तक की सीवरेज लाइन बिछाई जा चुकी है। इससे पहले शहर में करीब 350 किलोमीटर की सीवरेज लाइन बिछी हुई है। जहां सीवरेज लाइन जर्जर व पुरानी हो चुकी है, वे भी बदली जानी है।
बता दें कि वर्षा के दिनों में शहर पानी से ओवरफ्लो हो जाता है।
सीवरेज लाइन पुरानी होने के साथ-साथ कई कॉलोनियों में सीवरेज लाइन का कार्य अधूरा होने के कारण यह समस्या आती है। लोगों की भी लंबे समय से मांग रही है कि सीवरेज लाइन बिछाई जाए ताकि लोगों को किसी भी तरह की दिक्कत न आए।
नगर परिषद हाउस की बैठक में भी यह मुद्दा पार्षदों की तरफ से उठाया जा चुका है। सीवरेज के साथ-साथ पानी की पाइप लाइन भी कॉलोनियों में बिछाने का कार्य चल रहा है। इस कार्य में 8, 10 व 12 इंच की पाइप लाइन डाली जाएगी।
इन कॉलोनियों में 12 करोड़ से बिछेगी सीवरेज लाइन
दसमेश कॉलोनी , अंबरसरिया कॉलोनी , पंत नगर, मोती बाग, भगत सिंह कॉलोनी , लाल बहादुर शास्त्री कॉलोनी , राधा स्वामी कॉलोनी , शूगर मिल कॉलोनी , कपिल कॉलोनी , प्रताप कॉलोनी , बालाजी कॉलोनी , फ्रेंड्स कॉलोनी , शिव कॉलोनी , सतनाम चौक, लघु सचिवालय से पिहोवा चौक तक, परशुराम चौक से सेक्टर 21 तक, खुराना रोड से वाल्मीकि चौक तक, रेलवे लाइन से उद्योग मार्ग तक लाइन बिछाई जाएगी।
ये कॉलोनियां हुई थीं वैध
बता दें कि वर्ष 2023 के जुलाई माह में पंथ नगर, अमृतसरिया डेरा, शुगर मिल कॉलोनी पार्ट-टू, रणधीर कॉलोनी फेस-वन, डिफेंस कॉलोनी , एक्सटेंशन-वन, शहीद भगत सिंह कॉलोनी एक्सटेंशन, अर्जुन नगर एक्सटेंशन- वन, आक्सफोर्ड स्कूल कॉलोनी,
शुगर मिल कॉलोनी पार्ट-तीन, शहीद भगत सिंह एक्सटेंशन फेस-टू, जनकपुरी एक्सटेंशन-वन, जनकपुरी एक्सटेंशन-तीन, जीवन राइस मिल के पीछे वाली कॉलोनी, हेरिटेज स्कूल के पास कॉलोनी, मायापुरी कॉलोनी एक्सटेंशन, ओशाेपुरम विस्तार, सच कैंटीन के पीछे वाली कॉलोनी,
ओशो पुरम, राधा स्वामी सत्संग भवन- टू कॉलोनी के पास, कपिल नगर कॉलोनी को वैध किया गया था। इन कॉलोनियों में अब जल्द ही सीवरेज व पानी की पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू होगा।
छोटू राम चौक से एसटीपी तक सीवरेज लाइन बिछने से मिलेगी जलजमाव से राहत
शहर के वार्ड नंबर 11 से लेकर वार्ड नंबर 15 तक सीवरेज बंद होने की समस्या रहती है। इससे वार्ड वासियों को काफी दिक्कत आती है। पूर्व में सीवरेज की सफाई व लाइन बदलने की मांग को लेकर पार्षद धरना भी दे चुके हैं।
विभाग की तरफ से अब करनाल रोड छोटू राम चौक से लेकर जींद रोड एसटीपी तक नई सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी। करीब साढ़े पांच किलोमीटर की यह लाइन होगी। इस लाइन के बिछने से चारों वार्डों में सीवरेज बंद होने की समस्या नहीं रहेगी।
12 करोड़ रुपये से बिछाई जा रही सीवरेज की लाइन: गोपाल
शहर में चार साल पहले वैध हुई 20 कॉलोनियों में सीवरेज की पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो चुका है। इस पर करीब 12 करोड़ की राशि खर्च होगी। शहर की छोटी कॉलोनियों में यह कार्य चल रहा है। छोटू राम चौक से लेकर एसटीपी तक साढ़े पांच किलोमीटर की लाइन बिछाने का मुख्य कार्य रहेगा। इसी तरह से पांच करोड़ से पेयजल लाइन भी बिछाई जाएगी, इसका भी कार्य शुरू हो चुका है। नई कॉलोनियों में सीवरेज व पेयजल लाइन बिछने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। -गोपाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग कैथल।
