जीजा ने 17 साल के साले की चाकुओं से गोदकर की हत्या
बुधवार देर रात एक व्यक्ति ने अपने साले की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। मृतक का शव हरी नगर के नजदीक रेलवे लाइन के पास पड़ा हुआ मिला। परिजनों ने जीजा के साथ मृतक की मौसी के लड़के पर भी इस वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर मुख्य आरोपित जीजा की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के शरीर पर आठ जगह चाकुओं के निशान हैं।
जागरण संवाददाता, कैथल :
बुधवार देर रात एक व्यक्ति ने अपने साले की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। मृतक का शव हरी नगर के नजदीक रेलवे लाइन के पास पड़ा हुआ मिला। परिजनों ने जीजा के साथ मृतक की मौसी के लड़के पर भी इस वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार कर मुख्य आरोपित जीजा की तलाश शुरू कर दी है। मृतक के शरीर पर आठ जगह चाकुओं के निशान हैं।
ऐसे दिया हत्या को अंजाम
मृतक विक्रम (17) एक चाय की रेहड़ी पर काम करता था। उसके पिता की करीब दस साल पहले मौत हो चुकी है। मां व छोटे भाई सोनू के साथ दिहाड़ी-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसकी छह बहनें हैं। परिजनों ने बताया कि शाम को करीब आठ बजे राहुल अपनी मौसी के लड़के विक्रम के घर आया और उसे बुलाते हुए कहीं चलने बात कही। रात 11 बजे तक वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद जब परिजन इधर-उधर तलाश कर रहे थे तो राहुल घर आता हुआ दिखाई दिया। उससे विक्रम के बारे में पूछा तो उसने कहा कि उसके जीजा लुधियाना निवासी मनोहर के पास रेलवे लाइन के नजदीक छोड़कर गया था। वह नमकीन लेने दुकान पर आ गया जब वापस गया तो मनोहर ने उसे कहा कि विक्रम उसके साथ झगड़ा करके घर चला गया है। यह कहकर उसे भी वापस भेज दिया। जब परिजन राहुल को लेकर घटना स्थल पर पहुंचे तो विक्रम का शव खून से लथपथ झाड़ियों में पड़ा हुआ था।
हत्या का संभावित कारण
मृतक विक्रम की छह बहनें हैं, इनमें से दो बहनों की शादी हो चुकी है। रजनी की शादी लुधियाना निवासी मनोहर के साथ हुई थी। रजनी इससे पहले कहीं और विवाहित थी, लेकिन घरेलू कलह के चलते मनोहर से दूसरी शादी हुई। बताया जा रहा है आरोपित मनोहर की यह तीसरी शादी थी। दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा होने के कारण कई माह से रजनी मायके में ही आई हुई थी। इस कारण आरोपित मनोहर अपने साले विक्रम से मन-मुटाव रखता था। वारदात को अंजाम देने का यह भी कारण हो सकता है। गिरफ्तार किए गए आरोपित राहुल व फरार हुए मनोहर की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के असली कारणों का पता लग पाएगा।
शव छोड़ लौट गई पुलिस
हत्या की वारदात को लेकर पुलिस को सूचना दी गई। सिटी थाना व नई अनाज मंडी चौकी पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन रेलवे पुलिस का क्षेत्र बताते हुए पुलिस बिना कोई कार्रवाई किए ही लौट गई। इसके बाद रेलवे राजकीय पुलिस ने भी रात को स्थानीय पुलिस का क्षेत्र बताते हुए शव उठाने से इंकार कर दिया। परिजन 500 रुपये किराये पर ऑटो रिक्शा कर शव लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचे। रेलवे राजकीय पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह माना कि घटना उनके क्षेत्र में हुई है। इसके बाद अंबाला राजकीय रेलवे पुलिस के डीएसपी व कुरूक्षेत्र रेलवे पुलिस थाना के एसएचओ कर्मचंद मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक किशोर की मां की शिकायत पर दोनों आरोपितों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का दौरा कर तथ्य जुटाए।
वर्जन
किशोर की चाकुओं से गोदकर हत्या करने के मामले में दोनों आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के असली कारणों का पता चल पाएगा।
- कृष्ण कुमार, इंचार्ज, राजकीय रेलवे पुलिस, कैथल।