147 अपराधी गिरफ्तार, करोड़ों का नशा बरामद; कैथल पुलिस की सितंबर में बड़ी कार्रवाई
कैथल पुलिस ने सितंबर माह में 125 आपराधिक मामलों में 147 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में नशा, शराब ...और पढ़ें
-1791111685321_m.webp)
कैथल पुलिस की बड़ी कार्रवाई। फोटो जागरण
HighLights
सितंबर में 125 मामलों में 147 अपराधी गिरफ्तार किए गए।
नशा तस्करों से करोड़ों रुपये का नशीला पदार्थ जब्त हुआ।
अवैध हथियार और चोरी की संपत्ति भी बरामद की गई।
जागरण संवाददाता, कैथल। जिला पुलिस की तरफ से सितंबर माह में शराब व मादक पदार्थ तस्करी, चोरी, लूट, सेंधमारी, अवैध असला रखने के 125 मामलों में 147 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सितंबर माह के दौरान विशेष तौर पर नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान चलाते हुए 20 मामले दर्ज करके 24 आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनसे 802 किलो 562 ग्राम डोडा पोस्त, 11 किलो 660 ग्राम चूरापोस्त, 27 किलो 398 ग्राम गांजा, दो किलो 217 ग्राम अफीम, 59.66 ग्राम हेरोइन, 647 ग्राम चरस और 500 नशीली गोलियों सहित बड़ी मात्रा में करोड़ों रुपये मूल्य का नशीला पदार्थ बरामद किया गया।
शराब तस्करों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए 75 मामलों में 71 आरोपित गिरफ्तार किए गए। उनसे 1009 बोतल देशी, 497 बोतल हथकढ़ी शराब, 36 बोतल अंग्रेजी शराब और करीब 3675 लीटर लाहन बरामद हुआ। संपत्ति विरुद्ध अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए 20 मामलों में 41 आरोपितों को काबू करके उनसे 20 लाख 62 हजार रुपये मूल्य की चोरीशुदा जनसंपत्ति बरामद की गई है।
अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों पर भी कार्रवाई करते हुए छह मामलों में सात आरोपितों को काबू करके छह अवैध देसी पिस्तौल, आठ कारतूस व एक चाकू बरामद किया गया। जुआ/सट्टा अधिनियम के चार मामलों में चार आरोपितों को काबू करके 10 हजार 810 रुपये बरामद किए गए।
10 बेल जंपर और 20 पीओ आरोपितों को भी काबू किया गया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि पुलिस का प्रथम दायित्व आमजन की जानमाल की सुरक्षा करना है। जिला पुलिस अमन-चैन एवं कानून व्यवस्था कायम रखने के लिए अराजक अपराधियों, शराब, नशा व असला तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
