रेलवे की दीवार गिरने से महिला गंभीर रूप से घायल
रेलवे की दीवार गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार गांधी नगर निवासी संतोष ने अपने पशुओं को रेलवे की दीवार के साथ बांधा हुआ था।
संवाद सूत्र, नरवाना : रेलवे की दीवार गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार गांधी नगर निवासी संतोष ने अपने पशुओं को रेलवे की दीवार के साथ बांधा हुआ था। जब वह पशुओं को अंदर बांधने के लिए उनको खोल रही थी, तो मालगाड़ी के गुजरने से दीवार एकदम से ऊपर गिर गई। जिससे संतोष दीवार के नीचे दब गई। दीवार गिरने के शोर को सुनकर आसपास राहगीर दौड़े आए और संतोष को नागरिक अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी टांगों में फ्रेक्चर के कारण उसको अग्रोहा मेडिकल रेफर कर दिया गया। गांधी नगर निवासी डॉ. अमित सैन, कुलबीर, भारत कौशिक, राजबीर का कहना है कि रेलवे की दीवार नीचे से काफी कंडम हो चुकी थी, जो कभी भी गिर सकती थी। लेकिन रेलवे विभाग के अधिकारियों ने कंडम हो चुकी दीवार को नए सिरे से बनाने की ओर ध्यान न देते हुए उस कंडम दीवार के ऊपर ही एक-एक फुट ऊंची ईंट लगाने के टेंडर जारी कर दिये। उन्होंने बताया कि रेलवे विभाग के अधिकारियों ने ठेकेदार के साथ मिलीभगत करते हुए कंडम दीवार को यूं ही रहने दिया। जिसका खामियाजा एक महिला को गंभीर चोट खाकर उठाना पड़ा। उन्होंने बताया कि कैनाल रोड फाटक से लेकर दबलैन रोड फाटक तक नीचे की सारी दीवार कंडम हो चुकी है और यह कभी भी गिर सकती है। जिससे कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने रेलमंत्री से मांग की है कि रेलवे की दीवार को नए सिरे से बनवाया जाए और गंभीर रूप से घायल हुई गरीब महिला को उचित मुआवजा दिलवाया जाए।
वर्जन
रेलवे की दीवार गिरने का मामला उनके संज्ञान में हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सूचना भेज दी गई है। जिसके बाद आगे की कारवाई अमल में लाई जायेगी।
-जयबीर दीक्षित, स्टेशन अधीक्षक नरवाना।