केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह का बड़ा बयान, कहा- लोकसभा के साथ हो सकते विधानसभा चुनाव
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकसभा के साथ विस चुनाव भी हो सकते हैं। कार्यकर्ता तैयार रहें। जींद चुनाव में मिली जीत से साफ हो है कि प्रदेश में आने वाली सरकार भाजपा की होगी।
जेएनएन, उचाना (जींद)। लोकसभा के साथ विस चुनाव भी हो सकते हैं। कार्यकर्ता इसके लिए तैयार रहें। जींद उपचुनाव में मिली जीत से साफ हो गया है कि प्रदेश में आने वाली सरकार भाजपा की होगी। यह बातें केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कही। वे राजीव गांधी महाविद्यालय सभागार में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
बीरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार देश में 12 करोड़ किसानों के खाते में छह हजार रुपये एक साल में तीन किश्तों में देगी। सरकार ने 2022 तक किसानों की आमदनी को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है। किसानों ने आज तक यह नहीं सोचा था कि कोई सरकार उनके खाते में सीधे रुपये देगी। पहली बार भाजपा सरकार ने ये काम किया है।
पहले दो अब दस आएगी
केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि पहले गुडग़ांव, फरीदाबाद की लोकसभा सीटें भाजपा जीतेगी, ऐसा उनका अनुमान था। जब मेयर के चुनाव हुए तो वो मानते थे कि दो से तीन जगह पर मेयर चुनाव जीतेंगे। जब पांचों मेयर के चुनाव जीत गए तो उनका अनुमान पांच से छह सीटें लोकसभा में जीतने का था, लेकिन जींद का उपचुनाव जीतने के बाद अब उनका अनुमान है कि दस की दस लोकसभा सीट भाजपा जीतेगी।
अपने गांवों को कर्मभूमि बनाएं विपक्षी नेता
जींद जिले को अपनी कर्म भूमि बनाने के इनेलो, जेजेपी नेताओं के बयानों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेताओं को चाहिए कि वो जींद को छोड़कर अपने गांव को ही कर्मभूमि बनाएं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला द्वारा जींद की चौधर लाने के बयान पर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि 28 साल पहले ही जिन्होंने चौधर खो दी थी, वो आज इसे लाने की बात कहते हैं। लोगों को चाहिए कि वो ऐसे नेताओं के बहकावे में न आए।