जींद में दो भीषण सड़क हादसे, पिकअप ड्राइवर और बाइक राइडर की मौत
जींद जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक पिकअप चालक को तेज रफ्तार ट्राले ...और पढ़ें
-1791631933211_m.webp)
हादसे में पलटी पिकअप। फाइल फोटो
HighLights
जींद में दो अलग-अलग सड़क हादसों में मौतें।
कालवा गांव के पास ट्राले ने पिकअप चालक को रौंदा।
हांसी रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत।
जागरण संवाददाता, जींद। जिला में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है।
कैथल जिले के गांव बाटा निवासी सुखदेव व नीटू (35) शनिवार सुबह पिकअप गाड़ी में कैथल से आलू लेकर दिल्ली-कटरा हाइवे से गोहाना जा रहे थे। गांव कालवा के पास उनकी गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया। गाड़ी को साइड में खड़ा करके नीटू टायर बदलने लगा। उसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राले ने नीटू को रौंद डाला। इसमें नीटू की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्राला चालक फरार
घटना को अंजाम देकर चालक ट्राले को लेकर फरार हो गया। इसके बाद घटना स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर ट्राले ने आगे चल रही दूसरी टाटा मैजिक गाड़ी को भी इस ट्राले ने टक्कर मार दी। इसमें टाटा मैजिक गाड़ी पलट गई। इससे आलू सड़क पर बिखर गया। इसमें गाड़ी चालक गांव बाटा निवासी गोबिंद व क्लीनर मुकेश घायल हो गए।
दूसरी घटना को भी अंजाम देकर ट्राला चालक फरार हो गया। पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और मृतक व घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव में गृह में रखवाया गया है।
अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, बाइक सवार व्यक्ति की मौत
भिवानी जिले के गांव कुंगड़ निवासी नरेश देर रात को बाइक पर सवार होकर अपने बड़े भाई सोनू से मिलने जींद आ रहा था। जब वह हांसी रोड बिजली घर के पास पहुंचा तो किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसमें नरेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने नरेश काे नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई सोनू की शिकायत पर फरार वाहन चालक मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया।
