आस्था रैली से जिले के लोगों ने बनाई दूरी : राठी
राठी ने कहा कि आस्था रैली से साफ हुआ भाजपा 75 पार नहीं प्रदेश की सत्ता से बाहर होगी। प्रदेश में जेजेपी-बसपा की संयुक्त सरकार बनेगी।
जागरण संवाददाता, जींद : जेजेपी के जिला प्रधान कृष्ण राठी ने कहा कि भाजपा की आस्था रैली फ्लॉप रही। इसमें जिले से किसी भी आमजन ने भागीदारी नहीं कर साफ कर दिया है कि भाजपा से प्रदेश की जनता का मोह भंग हो चुका है। यह पूरी तरह से प्रशानिक कर्मचारियों की रैली बनकर रह गई।
राठी ने कहा कि आस्था रैली से साफ हुआ भाजपा 75 पार नहीं, प्रदेश की सत्ता से बाहर होगी। प्रदेश में जेजेपी-बसपा की संयुक्त सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के सभी राज्य और केंद्रीय मंत्री ने एक पैसा भी जिले व प्रदेश के लिए रैली के माध्यम से देने की बात नहीं कही। भाजपा का निशाना सिर्फ प्रदेश से वोट बटोरकर कुर्सी पर काबिज रहने का है। आज के दिन प्रदेश का हर वर्ग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरा हुआ है। जनता ने अब निर्णय कर लिया है कि आने वाले विधानसभा में जेजेपी-बसपा गठबंधन को वोट देकर प्रदेश की सत्ता की चाबी विकासशील नेता दुष्यंत चौटाला को सौंपी जाएगी।