कार में बैठाकर ले गया सुनसान जगह, महिला के साथ की छेड़छाड़; विरोध करने पर गाड़ी से उतारकर पटवारी हुआ फरार
जुलाना (जींद) में एक महिला ने पटवारी कुलदीप पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि पटवारी ...और पढ़ें

पटवारी ने महिला के साथ की छेड़छाड़। सांकेतिक फोटो
संवाद सूत्र, जुलाना (जींद)। जुलाना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव निवासी महिला ने एक पटवारी पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए हैं। महिला ने कहा कि आरोपित उसे गाड़ी में बैठाकर सुनसान जगह पर ले गया, जहां उसके साथ छेड़छाड़ की। जब उसने विरोध किया तो आरोपित उसे वहीं गाड़ी से उतारकर फरार हो गया। जुलाना थाना पुलिस ने पटवारी कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
जुलाना थाना पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने कहा कि 17 सितंबर को वह किसी काम के सिलसिले में तहसील कार्यालय आई थी। यहां उसकी मुलाकात रोहतक निवासी पटवारी कुलदीप सिंह हुई। कुलदीप ने कहा कि वह उसका काम करवा देगा। इसके बाद उसने महिला को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। महिला ने कहा कि आरोपित पटवारी उसे पुराने बस स्टैंड से आगे एक सुनसान जगह पर ले गया।
यहां उसने गाड़ी खड़ी की और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला के अनुसार उसने पटवारी की इस हरकत का विरोध किया। विरोध करने के बाद पटवारी उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद महिला ने मामले की शिकायत जुलाना थाना पुलिस को दी।
जुलाना थाना प्रभारी कमल ने बताया कि एक महिला ने पटवारी पर छेड़छाड़ के आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। शिकायत के आधार पर आरोपित पटवारी कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
