45 डिग्री पर पहुंचा तापमान, झुलसा रही लू
जिले में अधिकतम तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया है। रविवार को दिनभर 18 किलोमीटर हवा के साथ झुलसा देने वाली लू चली। दोपहर को सड़कें सुनसान नजर आई और लोग अपने घरों में दुबके रहे। देर शाम को लोग घरों से बाहर निकले और जरूरी काम निपटाए।
जागरण संवाददाता, जींद : जिले में अधिकतम तापमान 45 डिग्री पर पहुंच गया है। रविवार को दिनभर 18 किलोमीटर हवा के साथ झुलसा देने वाली लू चली। दोपहर को सड़कें सुनसान नजर आई और लोग अपने घरों में दुबके रहे। देर शाम को लोग घरों से बाहर निकले और जरूरी काम निपटाए। सोमवार को अधिकतम तापमान 47 और न्यूनतम तापमान 32 डिग्री पर पहुंचने के आसार हैं। इसके चलते चिकित्सक लोगों को इन दिनों में सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।
गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की खपत भी काफी बढ़ चुकी है। एक महीने तक खपत 50 लाख यूनिट से कम थी, अब 67.90 लाख यूनिट बिजली की खपत हो रही है। शहर के सिटी एक, दो, पांच और अन्य कई फीडर ओवरलोड चल रहे हैं। जिन पर लोड कम करने के लिए बारी-बारी से कट लगाए जा रहे हैं। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति ठीक है और 16 घंटे सप्लाई दी जा रही है। शहर में 24 घंटे का शेड्यूल है और कटों की वजह से औसतन 23 घंटे 25 मिनट सप्लाई चल रही है। इंडस्ट्री में भी 24 की जगह 22 घंटे सप्लाई मिल रही है। 15 जून धान रोपाई का सीजन शुरू हो रहा है। जिसमें बिजली खपत और बढ़ेगी, जिससे ओवरलोड बढ़ेगा। अब गर्मी से राहत बारिश होने पर ही मिलेगी। वहीं निगम अधिकारियों को भी बारिश से उम्मीद है, जिससे खपत में कमी आ सकती है। आगामी दिनों में मौसम बदलने व बूंदाबांदी की संभावना जताई जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप