जेल में बंदियों को मानसिक तनाव से बचने के उपाय बताए
महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन के पदाधिकारियों ने राजकुमार भोला के नेतृत्व में रविवार को जेल की यात्रा की।
जागरण संवाददाता, जींद : महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन के पदाधिकारियों ने राजकुमार भोला के नेतृत्व में रविवार को जेल की यात्रा की। इसमें संस्था के संरक्षक डिप्टी सिविल सर्जन डा. राजेश भोला, एडवोकेट दर्शन सिंह, सुशीला धनखड़, सुरेश चौहान, सज्जन सैनी, मनजीत, नरेंद्र भी शामिल हुए। डा. राजेश भोला ने जेल में बंद बंदियों को बताया कि मानसिक तनाव से कैसे बचा जा सकता है। जेल प्रशासन की तरफ से डीएसपी राकेश लोहचब मौजूद रहे। डॉ. भोला ने कहा कि आजकल की भागदौड़ भरी जिदगी में स्ट्रेस, डिप्रेशन, तनाव एक गंभीर बीमारी का रूप ले रही है। इंसान अपने काम या अपनी परेशानियों को इतना बड़ा बना लेता है उसे कई तरह की गंभीर बीमारियां होने लग जाती हैं। डिप्रेशन एक मानसिक समस्या है जिसमें कई लोग असामान्य हो जाते हैं और अपना मानसिक संतुलन खो बैठते हैं। तनाव कम करने के लिए सुबह जल्दी उठें, एक्सरसाइज करें, योग करें। एडवोकेट दर्शन सिंह ढांडा व सुशीला धनखड़ ने बंदियों को कानूनी जानकारी उपलब्ध करवाई। संगठन के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने बंदियों को संस्था की तरफ से हर संभव सहायता करने का भरोसा दिलाया।