सीआरएसयू में फसल सुरक्षा का मॉडल रहा प्रथम
चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में भौतिक विभाग की ओर से विज्ञान प्रदर्शनी में भूगोल भौतिक विज्ञान रसायन विज्ञान विभागों के विद्यार्थियों ने सीधे समाज से जुड़ी समस्याओं को हल करने के लिए मॉडल पेश किए।
जागरण संवाददाता, जींद : चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में भौतिक विभाग की ओर से विज्ञान प्रदर्शनी में भूगोल, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान विभागों के विद्यार्थियों ने सीधे समाज से जुड़ी समस्याओं को हल करने के लिए मॉडल पेश किए। वीसी प्रो. राजबीर सिंह सोलंकी ने बताया कि विद्यार्थियों ने जो मॉडल बनाये हैं, इन्हें लागू किया जाए, तो प्रदूषण जैसी गंभीर समस्या को ठीक किया जा सकता है।
रजिस्ट्रार व भौतिक विज्ञान विभाग के डीन प्रो. राजेश पूनिया ने बताया कि विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम, द्वितीय मॉडल का चयन कर केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ में 24 फरवरी को आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में भेजा जाएगा। प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. संजय कुमार सिन्हा व शिक्षाविद् प्रो. दया सिंह ने कहा कि भारत का युवा किसी भी देश के युवा से विज्ञान शोध में कम नहीं है। फिजिक्स विभाग की सहायक प्राध्यापक निशा ने बताया कि छात्रों ने फसल के संरक्षण के लिए मॉडल तैयार किया है। पहले स्थान पर फसल सुरक्षा का मॉडल रहा। इसमें दिखाया कि फसलों की हम कीटों, पक्षियों, आवारा पशुओं से किस तरह वैज्ञानिक तरीकों से रक्षा हो व अन्य बीमारियों से रोकथाम के लिए मॉडल तैयार किया। दूसरे स्थान पर ग्रीन विलेज मॉडल रहा, जिसमें दिखाया कि एक गांव कैसे प्राकृतिक वस्तुओं का उपयोग कर हरा भरा बनाया जा सकता है। तीसरे स्थान पर दुर्घटना रोकथाम मॉडल रहा, जिसमें दर्शाया कि पहाड़ी इलाकों में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात के साधनों में प्रेशर सेंसर का उपयोग कैसे काम आ सकता है।