रोहतक, नरवाना और सफीदों के लिए आज से चलेंगी रोडवेज बस
जींद बस अड्डे से सफीदों रोहतक और नरवाना बसें जाएंगी। बीच में किसी भी स्टॉपेज पर बसें नहीं रुकेंगी। यात्रियों को मास्क पहनकर ही आना होगा। बस में बैठाने से पहले यात्रियों को सैनिटाइज तो किया ही जाएगा साथ ही उनकी थर्मल स्कैनिग भी होगी। खांसी जुकाम या बुखार के लक्षण वाले लोगों को बस में नहीं बैठने दिया जाएगा।
जागरण संवाददाता, जींद : लंबे रूटों के बाद अब लोकल रूटों पर भी बसें चलाने का प्लान जींद डिपो प्रबंधन ने बना लिया है। रविवार सुबह से जींद अड्डे से सफीदों, नरवाना और रोहतक के लिए बसें निकलेंगी और दोपहर बाद वापस आएंगी। इन रूटों के यात्रियों को टिकट बस अड्डे के काउंटर से ही कटवानी होंगी। फिलहाल केवल पंचकूला के लिए ही ऑनलाइन टिकट बुकिग की जा रही हैं।
पिछले सप्ताह जींद डिपो की बसों के पहिए घूमने शुरू हुए थे। पंचकूला और रोहतक के लिए बसें निकाली गई थी। पंचकूला के लिए तो अब हर रोज 30 यात्री मिल रहे हैं। पंचकूला के लिए दोनों तरफ की ऑनलाइन टिकट बुकिग फुल हो रही है, लेकिन रोहतक के लिए यात्री नहीं मिल पाए थे, इसलिए वहां बसें नहीं जा पा रही थी। अब फिर डिपो प्रबंधन ने दोबारा से रूट चार्ट बनाया है, जिसके तहत कुछ लोकल रूटों पर भी बसें चलाई जाएंगी। इन रूटों पर बसें चलने से यात्रियों की संख्या बढ़ेगी।
बीमार नहीं कर पाएगा सफर
जींद बस अड्डे से सफीदों, रोहतक और नरवाना बसें जाएंगी। बीच में किसी भी स्टॉपेज पर बसें नहीं रुकेंगी। यात्रियों को मास्क पहनकर ही आना होगा। बस में बैठाने से पहले यात्रियों को सैनिटाइज तो किया ही जाएगा, साथ ही उनकी थर्मल स्कैनिग भी होगी। खांसी, जुकाम या बुखार के लक्षण वाले लोगों को बस में नहीं बैठने दिया जाएगा।
गर्मी में थर्मल स्कैनिग में आ रही परेशानी
जींद से पंचकूला के लिए दोपहर 11 बजे जाने वाली रोडवेज बस 30 यात्रियों को लेकर गई। ऑनलाइन टिकट बुकिग करवाकर जींद बस अड्डे पर पहुंचने वाले यात्रियों की थर्मल स्कैनिग की गई। इस दौरान 20 यात्रियों का तापमान तो नॉर्मल मिला, लेकिन 10 यात्रियों का तापमान 100 डिग्री से ज्यादा दिखाया, इनमें महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। काफी देर तक उन्हें बस में नहीं बैठने दिया गया। उसके बाद यात्रियों का ठंडे पानी से मुंह धुलवाया और पंखे के नीचे बैठाया गया, तब जाकर उनका तापमान नॉर्मल हुआ।उसके बाद ही बस में बैठने दिया गया।
डिमांड के अनुसार चलेंगी बसें: बिजेंद्र हुड्डा
जींद डिपो के महाप्रबंधक बिजेंद्र हुड्डा ने बताया कि मुख्यालय से निर्देश मिले हैं कि जिस भी रूट पर 20 से ज्यादा यात्री हों, उसी पर बस भेज दी जाएं। इसके अलावा 11 रूटों का प्लान बनाकर विभाग के मुख्यालय भेजा गया है। रविवार से भी बसें सफीदों, नरवाना और रोहतक भेजी जाएंगी। प्रबंधन द्वारा बूथों पर बसें तो लगाई जा रही हैं लेकिन यात्री नहीं आ रहे।