आढ़तियों को करोड़ों का चूना लगाने का आरोपित राइस मिलर नरेश सिंगला गिरफ्तार
जिले की अनाज मंडियों से धान खरीदकर आढ़तियों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने के आरोपित करनाल के रामदेव इंटरनेशल राइस मिल के संचालक नरेश सिगला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, जींद : जिले की अनाज मंडियों से धान खरीदकर आढ़तियों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने के आरोपित करनाल के रामदेव इंटरनेशल राइस मिल के संचालक नरेश सिगला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अलेवा, पिल्लूखेड़ा व जुलाना अनाज मंडी के आढ़तियों के साथ धोखाधड़ी करने पर तीन मामले दर्ज किए थे। पुलिस रिकार्ड आरोपित ने तीनों मंडियों के आढ़तियों से करीब 78 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है, लेकिन बहुत से आढ़ती ऐसे हैं जिनको राइस मिलर ने राशि के बदले में चेक दिए हैं और उनके मामले अदालत में विचाराधीन है। आढ़तियों के मानें तो राइस मिलर ने जिले की अनाज मंडियों में करीब 80 करोड़ रुपये हड़पे हुए हैं। पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है।
अलेवा अनाज मंडी एसोसिएशन के प्रधान रामदिया ने 17 अक्टूबर 2016 को दी शिकायत में बताया कि वर्ष 2015 में जुलाना अनाज मंडी के आढ़तियों के संपर्क में करनाल निवासी नरेश सिगला, उसका भाई सुरेश सिगला आए। जहां पर उन्होंने बताया कि उन्होंने करनाल में रामदेव इंटरनेशल लिमिटेड के नाम से राइस मिल है और वह उनके मार्फत धान की खरीद करना चाहते हैं। अनाज मंडी में धान खरीदने के लिए आरोपितों ने पिल्लूखेड़ा निवासी नरेश गर्ग व करनाल जिले के गांव पोपड़ा निवासी फलगू दत्त शर्मा के माध्यम से अनाज मंडी के आढ़तियों से धान खरीदनी शुरू की।
शुरुआत में आरोपितों ने आढ़तियों की धान खरीदने से ही पैमेंट देना शुरू कर दिया, लेकिन बाद में राशि को रोक लिया। इस दौरान अलेवा अनाज मंडी से ही करीब दो करोड़ रुपये की राशि बकाया रह गई। बाद में जब उससे राशि मांगी गई तो उसने लौटाने से मना कर दिया। जब भी कोई आढ़ती उससे राशि लेने के लिए जाता तो जान से मारने की धमकी देता। इसी तरह आरोपितों ने जुलाना, जींद, पिल्लूखेड़ा व सफीदों की अनाज मंडियों के आढ़तियों के साथ भी धोखाधड़ी की है। पुलिस ने उस समय धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। चार साल बाद पुलिस ने अब आरोपित को गिरफ्तार किया है।