जींद में महिला को पकड़ने आई राजस्थान पुलिस पर पथराव, नाबालिग का अपहरण और उत्पीड़न का मामला दर्ज
सफीदों के आफताबगढ़ गांव में नाबालिग अपहरण की आरोपित महिला द्रोपा को पकड़ने गई राजस्थान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

जींद में महिला को पकड़ने आई राजस्थान पुलिस पर पथराव। फाइल फोटो
HighLights
राजस्थान पुलिस पर सफीदों के आफताबगढ़ में पथराव।
नाबालिग अपहरण की आरोपित महिला द्रोपा को पकड़ने का प्रयास।
पथराव में कुछ पुलिसकर्मी हुए मामूली रूप से घायल।
संवाद सूत्र, सफीदों (जीद)। आफताबगढ़ में नाबालिग का अपहरण करने समेत कई मामले में आरोपित महिला को पकड़ने आई राजस्थान पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। इसमें कुछ पुलिस कर्मचारियों को हल्की चोट आई है। राजस्थान पुलिस टीम के इंचार्ज की शिकायत पर सदर थाना सफीदों पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
राजस्थान के जिला भरतपुर के थाना चिकसाना के एएसआइ बृजपाल के नेतृत्व में नौ सदस्यीय टीम मंगलवार को गांव आफताबगढ़ में महिला द्रोपा की तलाश में सतबीर के घर आई थी। द्रोपा पर थाना चिकसाना में नाबालिग का अपहरण, चोरी करने व उत्पीड़न का मामला दर्ज है। राजस्थान पुलिस ने घर की तलाशी लेनी चाही तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला।
सतबीर छत पर चढ़ गया। उसके स्वजन ने पुलिस को घेर लिया और पथराव कर दिया। पुलिस ने सरपंच कुलदीप को बुलाया। इसके बाद भी सतबीर के मकान की तलाशी नहीं लेने दी गई। सूचना के बाद सदर थाना सफीदों पुलिस पहुंची और सतबीर को थाने ले गई। सतबीर ने बताया कि द्रोपा पिल्लूखेड़ा में रहती है। इस पर राजस्थान पुलिस सतबीर को लेकर पिल्लूखेड़ा पहुंची और द्रोपा की तलाश की, लेकिन वहां भी उसका कोई सुराग नहीं लगा।
