कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर स्कूलों में होगी क्विज, इनामों की भी होगी बरसात
टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर अब स्कूलों में क्विज करवाई जाएगी। स्कूल से स्टेट लेवल तक 17 सितंबर से शुरू होने वाली प्रतियोगिताएं नवंबर तक चलेंगी।
जेएनएन, जींद। टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर अब स्कूलों में क्विज करवाई जाएगी। शिक्षा निदेशालय ने स्कूलों में क्विज क्लबों की ओर से होने वाली प्रश्नोत्तरी स्पर्धा के लिए शेड्यूल, नियम व दिशा-निर्देश जारी किए हैं। स्कूल से स्टेट लेवल तक 17 सितंबर से शुरू होने वाली प्रतियोगिताएं नवंबर तक चलेंगी। इनमें हिंदी, गणित, परिवेश अध्ययन, अंग्रेजी, विज्ञान, सामान्य ज्ञान व ताजा घटनाक्रम के मामलों पर ऑनलाइन प्रश्न बैंक की सहायता से प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
खंड स्तर की सभी प्रतियोगिताएं कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर सॉफ्टवेयर से प्रोजेक्टर पर आयोजित की जाएंगी। सभी प्रश्न के चार विकल्प दिए जाएंगे। टीम को सही उत्तर का चुनाव करना होगा। प्रत्येक स्तर पर मिलने वाले इनाम की राशि को स्कूल और टीम के विकास पर खर्च किया जाएगा।
प्रतियोगिता का शेड्यूल
- स्कूल स्तर 17 से 18 सितंबर
- खंड स्तर 5 से 10 अक्टूबर
- जिला स्तर 27 से 28 अक्टूबर
- राज्य स्तर अक्टूबर से नवंबर
ये मिलेगी इनामी राशि
स्थान | जिला स्तर | राज्य स्तर |
प्रथम | 31 हजार | 1.1 लाख रुपये |
द्वितीय | 21 हजार | 51 हजार रुपये |
तृतीय | 11 हजार | 31 हजार रुपये |
(नोट: पारितोषिक तीसरी से पांचवीं, छठी से आठवीं व 9वीं से 10वीं की टीमों को अलग-अलग दिए जाएंगे।)
ये विद्यार्थी ले सकेंगे प्रतियोगिता में हिस्सा
प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीम तीसरी से पांचवीं, छठी से आठवीं व 9वीं से 10वीं की होंगी। प्रत्येक टीम में एक लड़की प्रतिभागी का होना जरूरी है। यदि विद्यालय केवल लड़कों के लिए हैं तो यह नियम लागू नहीं होगा। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए टीचरों के ग्रुप को ट्रेनिंग भी दी गई है। इसमें प्रत्येक जिले से भी अध्यापक लिए गए हैं। प्रतियोगिता के लिए स्क्रीनिंग टेस्ट होगा। इसमें 25 प्रश्न पूछे जाएंगे। टॉप-6 टीम मुख्य राउंड में शामिल होगी।
लाइफ लाइन की सुविधा भी मिलेगी
जिला शिक्षा अधिकारी अजीत श्योराण ने बताया कि प्रतियोगिता की थीम पूरी तरह हरियाणवी ट्रेडिशनल व कल्चर पर आधारित रहेगी। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों व स्कूलों को आदेश दिए गए हैं। खंड स्तर के बाद होने वाले क्विज कंपीटिशन के लिए कौन बनेगा करोड़पति की तरह लाइफ लाइन की सुविधा भी दी जाएगी।
मुख्य राउंड में पहुंचने पर पांच हजार रुपये का प्रोत्साहन
प्रतियोगिता के प्रत्येक स्तर पर इनाम की राशि का 80 प्रतिशत स्कूल को व 20 प्रतिशत टीम सदस्यों को दिया जाएगा। यह 80 प्रतिशत राशि संबंधित विद्यालय के विकास पर खर्च होगी। विजेता टीम में एक से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हैं तो पारितोषिक की राशि भी उसी अनुपात में विद्यालयों में बांटी जाएगी। राज्यस्तर पर मुख्य राउंड में पहुंचने वाली सभी टीमों को पांच हजार रुपये प्रोत्साहन राशि के रूप में प्रदान किया जाएगा।