बिना पास स्टेडियम में आने वाले खिलाड़ियों को पुलिस ने किया बाहर
लॉकडाउन के कारण करीब दो महीने से बंद पड़े शहर के दोनों ही स्टेडियमों को वीरवार को सैनिटाइज कर खिलाड़ियों के लिए खोल दिया गया था। खेल विभाग द्वारा कुछ नियम तय किए गए हैं जिनके अनुसार ही खिलाड़ियों को अभ्यास करना होगा। प्रैक्टिस के लिए आते समय मास्क लगाना अनिवार्य होगा तो शारीरिक दूरी भी बनाए रखनी होगी।
जागरण संवाददाता, जींद : सेक्टर 11 स्थित एकलव्य स्टेडियम और अर्जुन स्टेडियम में अब प्रेक्टिस के लिए आने वाले खिलाड़ियों की इंट्री पास दिखाकर ही होगी। खेल विभाग ने कोच और उनसे प्रशिक्षण लेने वाले खिलाड़ियों को पास जारी कर दिए हैं। शनिवार को बिना पास के ही अर्जुन स्टेडियम और एकलव्य स्टेडियम में आए खिलाड़ियों और दूसरे युवाओं को पुलिस की सहायता से स्टेडियम से बाहर कर दिया गया।
लॉकडाउन के कारण करीब दो महीने से बंद पड़े शहर के दोनों ही स्टेडियमों को वीरवार को सैनिटाइज कर खिलाड़ियों के लिए खोल दिया गया था। खेल विभाग द्वारा कुछ नियम तय किए गए हैं, जिनके अनुसार ही खिलाड़ियों को अभ्यास करना होगा। प्रैक्टिस के लिए आते समय मास्क लगाना अनिवार्य होगा तो शारीरिक दूरी भी बनाए रखनी होगी। पीने का पानी या दूसरी खाने की चीज खिलाड़ी को अपनी अलग रखनी होगी। नाबालिगों को अभिभावकों से लिखवाकर लाना होगा कि वह उनकी जिम्मेदारी पर अभ्यास करने जा रहे हैं। अगर कोई खिलाड़ी बीमार है तो वह मैदान में नहीं आएगा। स्टेडियम में प्रवेश के दौरान विभाग द्वारा जारी किया गया पास दिखाना होगा। शुक्रवार को जिला खेल अधिकारी विनोद बाला ने दोनों स्टेडियमों का निरीक्षण कर व्यवस्था जांचा की।
पास लेकर ही आएं खिलाड़ी
जिला खेल अधिकारी विनोद बाला ने कहा कि प्रेक्टिस करने वाले खिलाड़ियों को पास जारी कर दिए गए हैं, जो प्रैक्टिस के दौरान साथ लेकर आ रहे हैं। दूसरे लोगों को स्टेडियम नहीं आने दिया जाएगा। मुख्यालय से आदेश मिले हैं कि केवल पास धारक खिलाड़ियों को ही मैदान में आने दिया जाए।