नरवाना के लोग बंदरों के आतंक से परेशान
शहर में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या तो पहले ही बड़ी भारी थी।
संवाद सूत्र, नरवाना : शहर में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हो चुके हैं। लोगों का कहना है कि शहर में बेसहारा पशुओं की समस्या तो पहले ही बड़ी भारी थी। अब इन बंदरों ने भी आतंक मचाया है। बंदर राह जाते लोगों को काट रहे हैं। जिससे बच्चों का तो घर से निकलना दूभर हो गया है। ये आतंकी बंदर घरों की छत पर रखी टंकियों के ढक्कन के साथ गुब्बारों को तोड़ देते हैं। जिससे इस गर्मी के मौसम में पीने का पानी व्यर्थ बहता रहता है। इसके अतिरिक्त घर-आंगन में लगाए पेड़-पौधों को नष्ट करते रहते हैं, तो सरकार का पेड़ लगाओं का कार्यक्रम धूमिल होता दिखाई देता है। शहरवासी विनोद कालरा, राजेश भोंसले, मास्टर बलबीर सिंह, भीम सिंह सिंहमार, ओमप्रकाश अरोड़ा, अशोक गिरधर, अश्वनी गर्ग, कृष्ण शर्मा ने प्रशासन से मांग की है कि प्रशासन इस समस्या से जल्दी निजात दिलाए, ताकि वे सुख-चैन से अपनी जिदगी बसर कर सकें।
वर्जन
कोरोना महामारी के कारण बंदरों के आतंक से उत्पन्न समस्या की ओर ध्यान नहीं दे पाए। जल्द ही नगरपरिषद अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा और शहर को बंदरों से छुटकारा दिलवाया जाएगा।
-जयदीप कुमार, एसडीएम नरवाना