जन्मदिन पर हरियाणा के हिमांशु ढिल्लों ने एशियन गेम्स में जीते दो रजत पदक, देश को दिया खास तोहफा
हिमांशु ढिल्लों ने अपने 20वें जन्मदिन पर एशियन गेम्स 10 मीटर एयर राइफल में व्यक्तिगत और टीम इवेंट में दो रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया।

हिमांशु ढिल्लों ने एशियन गेम्स में जीते दो रजत पदक। फोटो जागरण
HighLights
हिमांशु ढिल्लों ने जन्मदिन पर एशियन गेम्स में दो रजत पदक जीते।
व्यक्तिगत और टीम इवेंट में 10 मीटर एयर राइफल में पदक हासिल किए।
कुश्ती में चोट के बाद शूटिंग में करियर बनाया, जींद के निवासी।
जागरण संवाददाता, जींद। डाहौला गांव के हिमांशु ढिल्लों ने अपने जन्मदिन पर एशियन गेम्स 10 मीटर एयर राइफल में व्यक्तिगत और टीम इवेंट में दो मेडल जीतकर देशवासियों को खास तोहफा दिया है। चाचा संदीप ढिल्लों ने बताया कि संदीप 20 साल के हो गए हैं, सोमवार को उसका जन्मदिन था। जिससे ये दिन हिमांशु और पूरे परिवार के लिए यादगार बन गया।
पिता शमशेर ढिल्लों, जोकि कृषि उत्पाद बनाने वाली कंपनी में काम करते हैं। कंपनी के टूर के चलते सोमवार को उनको दुबई जाना पड़ा। जिसके कारण वे बेटे का मुकाबला नहीं देख सके। डाहौला गांव में रहने वाले उनके चाचा संदीप व दादी बीरमति ने परिवार के साथ मुकाबला देखा।
पहलवान हरदीप ढिल्लों, जोकि ओलिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, वे भी उनके परिवार से ही हैं। रिश्ते में हिमांशु के चाचा लगते हैं। हिमांशु को भी पहले कुश्ती का ही शोक था। लेकिन अभ्यास के दौरान चोट लगने पर कुश्ती छोड़ दी और उसके बाद शूटिंग शुरू कर दी।
पिछले साल एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में जीता गोल्ड
हिमांशु लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से बीएससी की पढ़ाई कर रहा है। पिछले साल 16 से 30 अगस्त तक कजाकिस्तान में हुई एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीता था। 24 सितंबर से लेकर दो अक्टूबर 2025 में जूनियर वर्ल्ड कप इंडिविजुअल में गोल्ड और मिक्स टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। नौ दिसंबर 2025 को नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप क्वालीफिकेशन में नेशनल रिकार्ड मिक्स टीम में तीन गोल्ड मेडल जीते थे। 2026 एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में इंडिविजुअल, मिक्स्ड टीम में गोल्ड मेडल अपने नाम किए।
